तुलकरम कैंप में किए गए इस्राइली ड्रोन हमले में दो फलस्तीनी युवाओं की मौत हो गई। फलस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी की रिपोर्ट के मुताबिक उसकी टीम को अल हमाम के पड़ोस में इस्राइली हमले के बाद दो युवकों के शव मिले। इस्राइल ने दूसरी बार तुलकरम और नूर शम्स शिविर पर हमला किया है।
यूएन महासचिव ने सूडान में खाद्य असुरक्षा पर जताई चिंता
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सूडान में बढ़ती खाद्य असुरक्षा की स्थिति पर चिंता जताई। साथ ही कई क्षेत्रों में अकाल की स्थिति उत्पन्न होने की चेतावनी दी। महासचिव के प्रवक्ता स्टेफनी ट्रेम्बले ने कहा कि महासचिव सूडान में तेजी से बिगड़ती खाद्य सुरक्षा स्थिति से चिंतित हैं, क्योंकि देश भर में लाखों लोगों के लिए भोजन और पोषण तक पहुंच लगातार खराब होती जा रही है। सूडान में कम से कम पांच स्थानों पर अकाल की स्थिति है। जबकि आने वाले महीनों में पांच अन्य क्षेत्रों में भी अकाल का खतरा है। महासचिव ने कहा कि सूडान में 24.6 मिलियन से अधिक लोग, आधी से अधिक आबादी गंभीर खाद्य असुरक्षा के उच्च स्तर का सामना कर रही है। गुटेरेस ने तीव्र, सुरक्षित, निर्बाध और निरंतर पहुंच की सुविधा प्रदान करने का आह्वान किया।
श्रीलंका में विकास के लिए 237.1 करोड़ मुहैया कराएगा भारत
श्रीलंका के पूर्वी प्रांत में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्रों में विकास की 33 परियोजनाओं के लिए भारत 237.1 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगा। इसकी घोषणा मंगलवार को की गई। कैबिनेट प्रवक्ता व स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयथिस्सा ने कहा, कैबिनेट ने दोनों देशों के बीच सामाजिक-आर्थिक विकास और द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के विशेष प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस व्यवस्था के तहत भारत शिक्षा के लिए 31.5 करोड़, स्वास्थ्य के लिए 78 करोड़ व कृषि के लिए 62 करोड़ रुपए उपलब्ध कराएगा।
द. कोरिया में विपक्षी दल का अंतरिम राष्ट्रपति पर महाभियोग का संकल्प
दक्षिण कोरिया की मुख्य विपक्षी ‘डेमोक्रेटिक पार्टी’ ने कहा कि वह अंतरिम (कार्यवाहक) राष्ट्रपति हान डक-सू के खिलाफ महाभियोग चलाने का प्रयास करेगी। पार्टी ने कहा कि इसका कारण यह है कि हान देश में महाभियोग का सामना कर रहे राष्ट्रपति यून सुक येओल व उनकी पत्नी के खिलाफ विपक्ष द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वतंत्र जांच की मंजूरी नहीं दे पाए। यदि हान के खिलाफ महाभियोग चलाया गया तो दक्षिण कोरिया में राजनीतिक उथल-पुथल और बढ़ सकती है।
ईरान में दो साल बाद हटा व्हाट्सएप और गूगल प्ले से प्रतिबंध
ईरान की सरकार ने मंगलवार को दो साल बाद व्हाट्सएप और गूगल प्ले से प्रतिबंध हटा लिया। सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने बताया कि साइबर स्पेस की सर्वोच्च परिषद ने सुधारवादी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में यह निर्णय किया। ईरान के दूरसंचार मंत्री सत्तार हेशमी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, प्रतिबंध हटाने की दिशा में यह पहला कदम है। इरना के अनुसार लोग इन सेवाओं का कंप्यूटर पर उपयोग कर रहे थे पर अब रोक हटने से मोबाइल फोन पर इस्तेमाल हो सकेगा। इंस्टाग्राम व टेलीग्राम के बाद व्हाट्सएप ईरान में तीसरा सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। व्हाट्सएप व गूगल प्ले पर 2022 में प्रतिबंध लगाया गया था।
क्रिसमस से पहले अमेरिकन एयरलाइंस की उड़ानें 2 घंटे ठप, अफरातफरी
क्रिसमस से एक दिन पूर्व प्रमुख विमानन कंपनी अमेरिकन एयरलाइंस की सभी उड़ानें मंगलवार सुबह करीब 2 घंटे तक थम गईं। अमेरिकी समयानुसार सुबह 6 से 8 बजे तक एयरलाइन की उड़ानें तकनीकी खामी के चलते विभिन्न हवाई अड्डों पर रोक दी गईं। इससे छुट्टियां मनाने जा रहे लाखों यात्री फंस गए और अफरातफरी मच गई। अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने शुरू में एयरलाइंस के सभी विमानों को 10 दिन के लिए रोकने का आदेश जारी किया था। हालांकि एक घंटे में खामी ठीक कर ली गई। इसके बाद दोबारा उड़ानें शुरू की गईं। इस घटना के बाद अमेरिकन एयरलाइंस के शेयरों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।
पाकिस्तानी हवाई हमलों में पूर्वी अफगानिस्तान में 46 लोगों की मौत
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, तालिबान का कहना है कि पाकिस्तानी हवाई हमलों में पूर्वी अफगानिस्तान में 46 लोग मारे गए हैं, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं।