फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: पाकिस्तान में लगे भूकंप के झटके; दुबई की 67 मंजिला इमारत में लगी आग, 3800 से अधिक लोग बचाए गए

Sat, 14 Jun 2025 12:19 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

पाकिस्तान में शनिवार को 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक भूकंप के झटके शाम करीब 6.53 बजे महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई। फिलहाल जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

विज्ञापन


दुबई 67 मंजिला इमारत में लगी आग, सभी 3820 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
दुबई स्थित 67 मंजिला इमारत मरीना पिनेकल में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इमारत में 764 अपार्टमेंट हैं, जिसमें सभी 3,820 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुबई मीडिया ऑफिस (डीएमओ) ने शनिवार को बताया कि दुबई सिविल डिफेंस की टीम ने छह घंटे में आग पर काबू पा लिया। डीएमओ ने शनिवार को दोपहर सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, सिविल डिफेंस की विशेष टीम ने 67 मंजिला इमारत से सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। सुरक्षित रूप से निकाले गए निवासियों को पूर्ण चिकित्सा और मानसिक सहायता प्रदान करने के चिकित्सा कर्मचारी मौजूद हैं। बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि मरीना पिनेकल (जिसे टाइगर टॉवर के नाम से भी जाना जाता है) में आग लगी हो। मई 2015 में भी इस इमारत के 47वीं मंजिल पर आग लग गई थी।

फरवरी में बांग्लादेश में राष्ट्रीय चुनाव कराए जाने की संभावना
बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने अगले साल फरवरी में राष्ट्रीय चुनाव कराने की संभावना का संकेत दिया है। यूनुस ने कहा, यदि राजनीतिक और न्यायिक सुधारों पर पर्याप्त प्रगति हुई, तो रमजान से पहले के सप्ताह में चुनाव कराए जा सकते हैं। इससे पहले उन्होंने अप्रैल के महीने में चुनाव कराने की घोषणा की थी। बता दें कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने अंतरिम सरकार से आग्रह किया था कि चुनाव रमजान से पहले कराए जाएं। दरअसल, इस समय यूनुस और बीएनपी के तारिक रहमान दोनों लंदन में है। यूनुस की टिप्पणी दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद की गई है। विपक्षी समूह चुनाव जल्द से जल्द कराने के लिए दबाव बना रहे हैं। बीएनपी ने चेताया कि यदि चुनाव दिसंबर से आगे टाले गए तो जनता में अशांति फैल सकती है। 

विज्ञापन

गाजा युद्धविराम पर हुए  मतदान से भारत की दूरी
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में गाजा के लिए तत्काल, बिना शर्त और स्थायी युद्धविराम की मांग वाले मसौदा प्रस्ताव पर मतदान से भारत ने दूरी बनाई है। महासभा में स्पेन द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव पर मतदान हुआ। इसमें तत्काल, बिना शर्त तथा स्थायी युद्धविराम तथा हमास व अन्य समूहों द्वारा बंधक बनाए गए सभी लोगों की तत्काल तथा बिना शर्त रिहाई की मांग की गई। भारत समेत 19 देशों ने मतदान में भाग नहीं लिया। इसके पक्ष में 149 मत पड़े जबकि 12 देशों ने विरोधी मत दिया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि यह प्रस्ताव गाजा में बिगड़ती मानवीय स्थिति की पृष्ठभूमि में लाया गया है। भारत गहराते मानवीय संकट से चिंतित है और नागरिकों की मौत की घटना की निंदा करता है। भारत हमेशा द्विराष्ट्र समाधान के पक्ष में हरीश ने कहा, भारत हमेशा शांति-मानवता के पक्ष में रहा है। भारत ने हमेशा इस्राइल-फलस्तीन मुद्दे के लिए बातचीत से द्विराष्ट्र समाधान का समर्थन किया है, ताकि एक संप्रभु, स्वतंत्र और व्यवहार्य फलस्तीन राज्य की फिर से स्थापना हो सके।

बांग्लादेश : रवींद्र कचहरी बाड़ी हमले में पांच लोगों की गिरफ्तारी
बांग्लादेश पुलिस ने रवींद्र नाथ टैगोर कचहरी बाड़ी पर हुए हमलों के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बांग्लादेश सांस्कृतिक मंत्रालय ने कहा, घटना की जांच के लिए दो जांच समितियां गठित की गई हैं। रवींद्र कचहरी बाड़ी, शहजादपुर, सिराजगंज बांग्लादेश सरकार द्वारा संरक्षित स्मारक है।  
 

इस्राइल-ईरान के बीच मध्यस्थता कर सकता है भारत
भारत में इस्राइल के राजदूत रुवेन अजार ने शनिवार को दिए एक बयान में उम्मीद जताई कि भारत इस्राइल और ईरान के बीच मध्यस्थता कर सकता है। इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी से फोन पर बात की है। रुवेन अजार का बयान इस मुलाकात के बाद ही आया है। उन्होंने कहा कि 'भारत दोनों पक्षों से बातचीत कर सकता है। भारत असल में इसमें भूमिका निभा सकता है। भारत हमारा अच्छा दोस्त है और हम आपकी चिंताओं पर काफी ध्यान देते हैं। मुझे लगता भी है कि वे जायज हैं।'

अपने एयरस्पेस को नागरिक उड़ानों के लिए फिर खोलेगा जॉर्डन
जॉर्डन अपने एयरस्पेस को नागरिक उड़ानों के लिए फिर से खोलेगा। जॉर्डन के सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी है। जॉर्डन ने हमले के खतरे चलते अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था। अब हालात बेहतर होने पर एयरस्पेस को फिर से खोलने का फैसला किया गया है। एयरस्पेस शनिवार सुबह 7.30 बजे खोल दिया गया। इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष के चलते जॉर्डन ने  एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद किया था। 
विज्ञापन

श्रीलंका में पुलिस स्टेशनों पर हमले की धमकी
श्रीलंका पुलिस उत्तरी प्रांत के 10 पुलिस स्टेशनों पर हमला करने की धमकी देने के मामले की जांच कर रही है। शनिवार को जारी एक बयान के मुताबिक पुलिस ने धमकी देने वाले एक गुमनाम फोन कॉल की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि कांकेसंथुराई पुलिस स्टेशन में 11 जून की दोपहर 1 बजे के आसपास धमकी भरा कॉल आया। हमले की धमकी के संबंध में जांच की जा रही है। उत्तरी प्रांत में पुलिस स्टेशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा उपाय बढ़ाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें