नेपाल के सेनाध्यक्ष जनरल अशोक राज सिगडेल के निमंत्रण पर भारतीय सेना के सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी बुधवार को 5 दिनी आधिकारिक यात्रा पर काठमांडो पहुंचे। वह सेना मंडप में शहीदों के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्हें बृहस्पतिवार को नेपाली राष्ट्रपति अपने देश के जनरल की मानद रैंक से सम्मानित करेंगे।
चीन में एक छोटे रोबोट ने 12 बड़े रोबोट का किया अपहरण, वीडियो वायरल
चीन के शंघाई शहर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से लैस एक छोटे से रोबोट ने एक रोबोटिक कंपनी के शोरूम से 12 बड़े रोबोट का अपहरण कर लिया। सोशल मीडिया पर इसका एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। कंपनी ने इस बात की पुष्टि की है कि यह वीडियो वास्तविक है और उसके रोबोट अगवा हुए हैं। यह सीसीटीवी फुटेज यूट्यूब के जरिये बाहर आया है। इस वीडियो ने लोगों को डराकर रख दिया है।
ईरान हथियार योग्य यूरेनियम का भंडार बढ़ा रहा : यूएन
संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था की गोपनीय रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने की अंतरराष्ट्रीय मांगों की अवहेलना की है तथा उसने अपने यूरेनियम संवर्द्धन भंडार को हथियार निर्माण के स्तर तक बढ़ा लिया है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, 26 अक्तूबर तक ईरान के पास 60% संवर्धित 182.3 किलोग्राम यूरेनियम है, जो अगस्त की अंतिम रिपोर्ट से 17.6 किलो अधिक है।
पाकिस्तान : हमले में 12 सैनिक व 6 आतंकी मारे गए
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन को एक संयुक्त जांच चौकी से टकरा दिया, जिसमें 12 सुरक्षाकर्मी और छह आतंकवादी मारे गए। सेना ने बुधवार को बताया कि आतंकियों ने मंगलवार देर रात बन्नू जिले के सामान्य क्षेत्र मालीखेल में एक संयुक्त चेक पोस्ट पर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पोस्ट में प्रवेश करने के उनके प्रयास को सैनिकों ने नाकाम कर दिया।
पाकिस्तान में हिंदू लड़की का अपहरण मतांतरण कर निकाह
पाकिस्तान में हिंदुओं के उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। सिंध प्रांत में 10 साल की एक हिंदू लड़की का अपहरण करने के बाद जबरन उसका मतांतरण कराया गया और फिर एक मुस्लिम से उसकी शादी करा दी गई।
पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत में कम उम्र की हिंदू लड़कियों का अपहरण, जबरन मतांतरण और शादी मुख्य समस्या है। अल्पसंख्यकों के लिए काम करने वाले गैर सरकारी संगठन पाकिस्तान दारावर इत्तेहाद के अध्यक्ष शिव काछी के अनुसार, हाल ही में 15 साल की एक अन्य हिंदू लड़की को अगवा कर लिया गया था। उसका भी मतांतरण कराकर 50 साल के मुस्लिम से शादी करा दी गई। अभी इस किशोरी का कुछ पता भी नहीं चल पाया है।
12.1 करोड़ डॉलर की रिकॉर्ड कीमत पर नीलाम हुई पेंटिंग
अतियथार्थवाद के गुरु कहे जाने वाले पेंटर रेने मैगराइट की एक पेंटिंग ने नीलामी में नया रिकॉर्ड बना दिया। यह पेंटिंग मंगलवार को न्यूयॉर्क में 12.1 करोड़ डॉलर में बिकी। 'ल एंपायर डेस ल्युमिएरेस' या द एंपायर ऑफ लाइट नाम के शीर्षक वाली इस पेंटिंग को नीलामीकर्ताओं ने कला की दुनिया का बेहतरीन नमूना करार दिया।
यूक्रेन का 4.7 अरब डॉलर का कर्ज माफ कर सकता है बाइडन प्रशासन
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद ग्रहण करने से पहले बाइडन प्रशासन कई बड़े फैसले ले रहा है। इनमें रूस-यूक्रेन जंग से जुड़े कई निर्णय भी शामिल हैं। इसी कड़ी में मौजूदा बाइडन सरकार यूक्रेन को दिया हुआ 4.7 अरब डॉलर के कर्ज को माफ करने जा रही है। अमेरिकी संसद में इसी साल अप्रैल में यूक्रेन की रूस के खिलाफ युद्ध में मदद के लिए 61 अरब डॉलर आवंटित किए थे। इनमें से 9.4 अरब डॉलर माफी योग्य थे। इसमें से कर्ज की आधी राशि को राष्ट्रपति बाइडन 15 नवंबर के बाद माफ कर सकते थे। अब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने बाइडन प्रशासन के इस ओर आगे बढ़ने की जानकारी दी है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला, 17 की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमले में 17 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।
भारत के सेना प्रमुख को नेपाल के राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी को नेपाली सेना के मानद पद से सम्मानित किया।
तिब्बती कार्यकर्ता कर्मा समद्रुप 15 साल बाद जेल से रिहा
तिब्बती पर्यावरणविद और मानवाधिकार कार्यकर्ता कर्मा समद्रुप को 15 साल जेल की सजा काटने के बाद रिहा कर दिया गया। जून 2010 में यांकी हुई शिनजियांग जिला अदालत ने उन्हें 15 साल जेल की सजा सुनाई थी। समद्रुप को 3 जनवरी 2010 को अपने भाइयों रिनचेन समद्रुप और चाइम नामग्याल की रिहाई का समर्थन करने के दौरान गिरफ्तार किया गया था। दोनों को तिब्बत में अवैध शिकार गतिविधि मामले में पकड़ा गया था। जेल में अपने भाइयों से मिलने के बाद कर्मा को हिरासत में लिया गया था। उन पर मकबरे की खोदाई और सांस्कृतिक अवशेष चोरी का आरोप लगा था।
दो घंटे ठप रहा पेपाल का कामकाज
दुनियाभर में अमेरिकन पेमेंट फर्म पेपाल का नेटवर्क दो घंटे तक ठप रहा। फर्म ने कहा कि उसने समस्या का समाधान कर दिया है। दुनिया भर में हजारों उपयोगकर्ताओं को लगभग दो घंटे तक समस्या का सामना करना पड़ा। पेपाल अपने ग्राहकों को क्रिप्टोकरेंसी खरीदने, बेचने और रखने की मंजूरी देता है। कंपनी के सिस्टम में परेशानी की वजह से खाता निकासी, पीयर-टू-पीयर भुगतान सेवा वेनमो, ऑनलाइन चेकआउट और क्रिप्टो सहित कई उत्पादों पर असर पड़ा। पेपाल के मुताबिक समस्या 10:53 बजे शुरू हुई और 12:59 बजे तक सुलझा ली गई। इसका असर क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन पर पड़ा, क्योंकि यह उस वक्त हुआ जब दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 98,000 डॉलर से अधिक के स्तर पर पहुंच गई थी। आउटेज की वजह से अन्य क्रिप्टो स्टॉक भी गिर गए। रिपोर्ट को ट्रैक करने वाले डाउनडिटेक्टर ने कहा था कि जीएमटी तक पेपाल लेनदेन में समस्याओं की लगभग 9,000 रिपोर्ट आई थीं।
भ्रष्टाचार मामले में जमानत मिलने के बाद पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान फिर गिरफ्तार
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को भ्रष्टाचार मामले में जमानत मिलने के बाद पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के आरोप में फिर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें अदियाला जेल में आतंकवाद-रोधी अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पांच दिन की रिमांड मंजूर कर ली। पुलिस ने 15 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने पांच दिन की रिमांड मंजूर करते हुए जेल के अंदर जांच जारी रखने का आदेश दिया। अदालत ने पीटीआई के वकील सलमान सफदर की इमरान खान को मामले से बरी करने की याचिका को भी खारिज कर दिया। इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (आईएचसी) ने बुधवार को खान को तोशखाना मामले में जमानत दे दी थी।
पाकिस्तान के गृह मंत्री बोले इमरान खान की पार्टी से नहीं हो रही बातचीत
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने गुरुवार को इमरान खान की पार्टी के साथ बातचीत से इनकार किया। कुछ घंटे पहले जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री ने दावा किया था कि उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को होने वाले विरोध मार्च को स्थगित करने के लिए सरकार की ओर से प्रस्ताव मिला था। विरोध प्रदर्शन को लेकर इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (आईएचसी) में सुनवाई में भाग लेने के बादमंत्री ने कहा कि कोई बातचीत नहीं हो रही है, क्योंकि बातचीत धमकियों के तहत नहीं की जाती है। खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को सरकार को सूचित करना चाहिए कि क्या वह बातचीत में रुचि रखती है। उन्होंने कहा कि खान की पार्टी द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में अफगान नागरिक शामिल होते हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में से 20 से 25 अफगान नागरिक मिले हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान मोबाइल सेवा प्रतिबंधित करने के मामले पर नकवी ने कहा कि विशिष्ट क्षेत्रों में मोबाइल सेवा निलंबन के बारे में निर्णय शुक्रवार रात को लिया जाएगा। पूर्व पीएम खान की रिहाई को लेकर नकवी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री को रिहा करना उनके अधिकार में नहीं है। वे कई कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं और उनकी रिहाई का फैसला अदालतों पर निर्भर करेगा। मंत्री ने पहले पीटीआई विरोध प्रदर्शन के संबंध में ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष असद अजीज द्वारा दायर याचिका पर आईएचसी में एक अदालती सुनवाई में भाग लिया, जिसमें कहा गया कि उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।