नेपाल में रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। पूर्वी नेपाल के रामेछाप जिले में रविवार दोपहर 3.43 बजे 4.0 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र (एनईएमआरसी) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र रामेछाप जिले के हेलमचो इलाके में था, जो राजधानी काठमांडो से करीब 150 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। भूकंप के झटके पास के जिलों दोलखा, सिंधुली और कावरेपालांचोक में भी महसूस किए गए। हालांकि, अब तक किसी तरह के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। विशेषज्ञों का कहना है कि नेपाल नाजुक हिमालयी भूकंपीय जोन में बसा हुआ है। यही वजह है कि यहां अक्सर हल्के से मध्यम स्तर के भूकंप आते रहते हैं।
मेडिकल जांच के लिए नजरबंदी से बाहर आए जेयर बोल्सोनारो
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को ब्रासीलिया में मेडिकल जांच के लिए अस्थायी तौर पर नजरबंदी से बाहर आने की इजाजत मिली। एक न्यायाधीश ने उन्हें अस्पताल में छह से आठ घंटे बिताने की अनुमति दी। डीएफ स्टार अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि बोल्सोनारो को बुखार, खांसी, एसिडिटी और हिचकी की समस्या के कारण भर्ती किया गया था। जांच में पता चला कि उन्हें हाल ही में दो बार फेफड़ों का इंफेक्शन हुआ था। इसके अलावा, उनके पेट और भोजन नली में भी सूजन की समस्या पाई गई। उन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई और अब उनका इलाज दवाओं से चलेगा। बोल्सोनारो की सेहत पहले भी कई बार बिगड़ी है। 2018 के चुनाव प्रचार के दौरान उन पर चाकू से हमला हुआ था, जिसके बाद उन्हें कई सर्जरी करानी पड़ीं। हाल ही में अप्रैल 2024 में उनकी आंतों की सर्जरी हुई थी। राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा से 2022 का चुनाव हारने के बाद उन पर आरोप है कि उन्होंने सत्ता में बने रहने की कोशिश की। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। पांच न्यायाधीशों का एक पैनल 2 से 12 सितंबर के बीच उनके खिलाफ पांच मामलों में फैसला और सजा सुना सकता है।
अफगानिस्तान में 4.9 तीव्रता का भूकंप
अफगानिस्तान में शनिवार देर रात 4.9 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन के 10 किलोमीटर उथली गहराई में रहा। इससे पहले भी अफगानिस्तान में 13 और 8 अगस्त को भूकंप आया था। 13 अगस्त को 10 किलोमीटर की गहराई पर 4.2 तीव्रता का और आठ अगस्त को 10 किमी की गहराई पर 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था। एनसीएस के अनुसार, उथले भूकंप आमतौर पर गहरे भूकंपों की तुलना में ज्यादा खतरनाक होते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि उथले भूकंपों से आने वाली भूकंपीय तरंगों की सतह तक पहुंचने की दूरी कम होती है, जिसके परिणामस्वरूप जमीन ज़्यादा हिलती है और संरचनाओं को ज्यादा नुकसान और ज्यादा हताहत होने की संभावना होती है।
सर्बिया में प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प
सर्बिया में लगातार हो रहे हिंसक प्रदर्शनों के बीच शनिवार को हालात और बिगड़ गए। प्रदर्शनकारियों की राजधानी बेलग्रेड और पश्चिमी सर्बिया के शहर वाल्जेवो में पुलिस के साथ झड़प हो गई। वाल्जेवो में गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति अलेक्सांद्र वुसिक के खिलाफ नारे लगाए और सत्तारूढ़ पार्टी सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी के दफ्तर में आग लगा दी। इसके बाद दंगा पुलिस से भिड़ंत हो गई। पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और गोलियां चलाईं। जवाब में प्रदर्शनकारियों ने पत्थर, बोतलें और आगजनी की। बेलग्रेड में भी शाम को ऐसी ही झड़पें हुईं, जहां प्रदर्शनकारियों ने कूड़ेदान में आग लगा दी। गौरतलब है कि नवंबर में एक रेलवे स्टेशन की छत गिरने से 16 लोगों की मौत हो गई थी। लोगों का आरोप है कि भ्रष्टाचार और घटिया काम की वजह से यह हादसा हुआ। उसी समय से देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे। शुरू में ये शांतिपूर्ण थे, लेकिन अब हिंसक हो गए हैं।
नेपाल के उप पीएम बोले- भारत से संबंध रोटी-बेटी से भी आगे के
काठमांडो। नेपाल के उपप्रधानमंत्री प्रकाश मान सिंह ने भारत को उसके 79वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, नई दिल्ली-काठमांडो संबंध सिर्फ रोटी और बेटी तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक आयामों तक भी फैले हुए हैं। उन्होंने शुक्रवार को ललितपुर में भारतीय दूतावास के ध्वजारोहण कार्यक्रम में यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा, भारत-नेपाल संबंध अपने आप में बेहद खास हैं। हमारी सीमाएं खुली हैं और हमारे बीच सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत निकटता है। सिंह ने कहा, दोनों देशों में द्विपक्षीय संबंधों को आपसी सहयोग और भी प्रगाढ़ किया जाएगा।
विदेश सचिव मिस्री का नेपाल दौरा आज से
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री रविवार को नेपाल की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर काठमांडो पहुंचेंगे। इस दौरान वे कनेक्टिविटी, विकास सहयोग और आपसी हितों समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह घोषणा शनिवार को हुई। विदेश मंत्रालय ने कहा, भारत अपनी पड़ोसी प्रथम नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को उच्च प्राथमिकता देता है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा जारी रखेगी। यह द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने का मौका होगा।
म्यांमार के मोगोक में सेना के हमले में 16 महिलाओं समेत 21 की मौत
म्यांमार के मोगोक शहर में सेना के हवाई हमले में 16 महिलाओं सहित 21 लोग मारे गए और सात घायल हो गए। मृतकों में एक गर्भवती भी थी। इस शहर पर पिछले साल जुलाई में तांग नेशनल लिबरेशन आर्मी (टीएनएलए) ने कब्जा कर लिया था।
टीएनएलए, सेना के खिलाफ लड़ने वाले शक्तिशाली जातीय मिलिशिया में से एक है। टीएनएलए के प्रवक्ता लवे याय ऊ ने बताया, हमला बृहस्पतिवार की रात 8:30 बजे मोगोक टाउनशिप के श्वेगु वार्ड में हुआ। इसमें कई घरों और बौद्ध मठों को भी नुकसान पहुंचा है। फरवरी 2021 में सेना के सत्ता हथियाने के बाद शुरू हुए गृहयुद्ध के बीच विद्रोही समूहों से क्षेत्र को फिर से पाने के लिए यहां हमले तेज हो गए हैं।
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार ने हिंदू समुदाय को जन्माष्टमी की शुभकामना दी
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने शनिवार को जन्माष्टमी के मौके पर देश के हिंदू समुदाय को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, भगवान श्रीकृष्ण के वचन आपसी सद्भाव व भाईचारा मजबूत करने एवं देश में मौजूदा व्यवस्था तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में मदद करेंगे। यूनुस की यह बधाई हिंदुओं पर हुए हमलों को लेकर व्यापक चिंताओं के बीच आई है।
यूनुस ने एक संदेश में कहा कि सृष्टिकर्ता के प्रति समर्पण और समाज में शांति की स्थापना पर केंद्रित भगवान कृष्ण के मूल्य सभी धर्मों के लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं सभी से सतर्क रहने का आह्वान करता हूं, ताकि कोई भी मौजूदा व्यवस्था, भाईचारे आैर सांप्रदायिक सौहार्द को कमजोर न कर सके। मुख्य सलाहकार यूनुस ने कहा, मेरा मानना है कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श और शिक्षाएं आपसी सद्भावना एवं भाईचारे के बंधन को और मजबूत करेंगी।
नेपाल : कृष्ण मंदिर में 1.4 किमी तक कतार
भगवान कृष्ण का जन्मदिन मनाने के लिए यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल, पाटन दरबार स्क्वायर स्थित कृष्ण मंदिर में प्रवेश करने के लिए हजारों भक्त लंबी कतारों में खड़े देखे गए। मंगल टोले सुधार संघ के उपाध्यक्ष उत्तम बहादुर लाखे ने कहा, गत वर्षों की तुलना में इस साल मंदिर आने वाले भक्तों की संख्या बहुत अधिक है। भक्तों की कतार दोपहर तक ही कुंभेश्वर (लगभग 1.4 किलोमीटर) तक पहुंच गई, जो पहले करीब 550 मीटर तक पहुंचती थी।
पाकिस्तान में ट्रेन हादसा, एक की मौत कई घायल
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रविवार को हुए एक ट्रेन हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और कई अन्य घायल हैं। एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर जाने से कम से कम एक यात्री की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पेशावर से कराची जा रही आवाम एक्सप्रेस लाहौर से लगभग 400 किलोमीटर दूर पंजाब के लोधरान जिले में पटरी से उतर गई। उन्होंने कहा, 'ट्रेन के लगभग चार डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई और 25 घायल हो गए।' घायलों में तीन यात्रियों की हालत बेहद गंभीर है। इस महीने पंजाब में ट्रेन के पटरी से उतरने की यह तीसरी घटना है। पिछले सोमवार को, लाहौर के रायविंड में मूसा पाक एक्सप्रेस के दो डिब्बे और इंजन पटरी से उतर जाने से पांच यात्री घायल हो गए थे। दुर्घटना के समय ट्रेन लाहौर से मुल्तान जा रही थी। इस महीने की शुरुआत में लाहौर से इस्लामाबाद जा रही इस्लामाबाद एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए थे, जिसमें 30 यात्री घायल हो गए थे।
दो दिवसीय यात्रा पर नेपाल पहुंचे विदेश सचिव
विदेश सचिव विक्रम मिस्री रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नेपाल पहुंचे। नेपाल दौरे पर विक्रम मिस्री वहां के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करेंगे। विदेश सचिव सुबह करीब 9 बजे त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। मिस्री अपने नेपाली समकक्ष अमृत बहादुर राय के निमंत्रण पर नेपाल गए हैं। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, मिस्री राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली से भी मुलाकात करेंगे और विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा से शिष्टाचार भेंट करेंगे। मिस्री अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद सोमवार को स्वदेश लौटेंगे। राजनयिक सूत्रों के अनुसार, ओली 16 सितंबर के आसपास भारत आ सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
पाकिस्तान: पिकनिक से लौटते परिवार पर हमला, सात की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना हुई। कोहाट जिले के रेजी शिनो खेले इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने पिकनिक से लौट रहे परिवार पर गोलियां बरसा दीं। इस हमले में सात लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार टांडा डैम से अपने गांव खारा गढ़ी मोहम्मद ज़ई लौट रहा था। तभी रात करीब 12:45 बजे हमलावरों ने घात लगाकर हमला किया। घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल कोहाट ले जाया गया, जहां से एक को पेशावर रेफर किया गया। जिला पुलिस अधिकारी जाहिदुल्लाह खान ने कहा कि प्रारंभिक जांच में आतंकवाद से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला है। परिवार वालों ने भी किसी से दुश्मनी से इनकार किया है। हमलावर फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
श्रीलंका सरकार ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन की आलोचना की
श्रीलंका सरकार ने रविवार को विपक्षी दलों की तरफ से सोमवार को उत्तर और पूर्वी क्षेत्रों में किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन को 'राजनीतिक चाल' बताया। तमिल नेशनल एलायंस (टीएनए) और श्रीलंका मुस्लिम कांग्रेस (एसएलएमसी) ने यह प्रदर्शन मुल्लैथीवु जिले के ओड्डुसुद्दन इलाके में एक नागरिक की मौत के विरोध में बुलाया है। 7 अगस्त को सेना के साथ झड़प में एक युवक की मौत हो गई थी। सरकारी प्रवक्ता नालिंदा जयाथिस्सा ने कहा, 'यह जनता को गुमराह करने और डराने की कोशिश है। घटना के बाद 9 अगस्त को ही तीन सैनिक गिरफ्तार किए जा चुके हैं।' वहीं सेना ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि युवक अवैध रूप से कैंप में घुसे थे। गिरफ्तार सैनिकों को 19 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे पहचान परेड के जरिए जांच होगी।
नेपाल के विदेश मंत्री से मिले विक्रम मिसरी
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने काठमांडू में नेपाल के विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा से मुलाकात की।
नेपाल के राष्ट्रपति से मिले मिसरी
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने काठमांडू में नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से मुलाकात की।