सीरिया: नए साल की पूर्व संध्या पर आत्मघाती हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत
सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में नए साल की पूर्व संध्या पर हुए आत्मघाती हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सरकारी मीडिया के अनुसार, आंतरिक सुरक्षा बलों की एक टीम बाब अल-फराज इलाके में संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।
अलेप्पो के गवर्नर ने बताया कि पुलिसकर्मी नए साल के जश्न की सुरक्षा में तैनात थे। एक अधिकारी ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसी दौरान विस्फोट हो गया। अधिकारियों ने कहा कि हालात काबू में हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावर एक ईसाई बहुल इलाके में घुसने की कोशिश कर रहा था।
भारत के चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का चीन ने माना लोहा
दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में भारत की ऐतिहासिक छलांग का लोहा चीन ने भी माना है। चीन ने जापान को पीछे छोड़कर भारत के दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने को असली ताकत बताया और भारत को बधाई भी दी। चीन ने आधिकारिक वक्तव्य में कहा, भारत ने जिस तरह घरेलू चुनौतियों का प्रबंधन करते हुए वैश्विक आपूर्ति शृंखला में जगह बनाई है, वह उसकी असली ताकत को दर्शाता है। यह पहली बार है, जब बीजिंग ने भारत के आर्थिक उदय को इतने स्पष्ट शब्दों में सराहा व वैश्विक स्थिरता के लिए जरूरी बताया है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, भारत का उदय दर्शाता है कि सच्ची शक्ति इतिहास का ईमानदारी से सामना करने, उससे सीखने और भविष्य की जिम्मेदारी लेने से ही आती है।
एच-1बी पर 89.88 लाख रुपये शुल्क की कानूनी लड़ाई तेज हुई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से एच-1बी वीजा आवेदन पर लगाए गए 89.88 लाख रुपये के भारी-भरकम शुल्क को लेकर कानूनी लड़ाई अब और तेज हो गई है। यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जिला कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें इस वृद्धि को सही ठहराया गया था। दिसंबर के अंत में जिला जज बेरिल हॉवेल ने कहा था, राष्ट्रपति के पास शुल्क बढ़ाने का कानूनी अधिकार है। चैंबर ऑफ कॉमर्स का तर्क है कि यह वृद्धि संघीय आव्रजन कानून का उल्लंघन है। विशेषज्ञों का मानना है कि चूंकि एक सख्त रुख रखने वाली जज ने भी ट्रंप प्रशासन के पक्ष में फैसला सुनाया है, इसलिए अब ऊपरी अदालत में इसे पलटना एक कठिन चुनौती होगी।
ट्रंप प्रशासन ने वॉशिंगटन के तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स का लीज रद्द किया
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन ने तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स की लीज रद्द कर दी है। इन कोर्सों का संचालन पिछले पांच साल से एक गैर-लाभकारी संस्था कर रही थी। अमेरिकी गृह विभाग का कहना है कि संस्था लीज की शर्तों के मुताबिक जरूरी सुधार कार्य नहीं कर पाई, इसलिए यह फैसला लिया गया। वहीं, संस्था ने दावा किया कि उन्होंने कोर्सों के विकास पर लाखों डॉलर खर्च किए और खेल व आमदनी दोनों बढ़ी।
फिलहाल संस्था को अस्थायी रूप से संचालन जारी रखने की अनुमति दी गई है, लेकिन बड़े स्तर पर सुधार कार्य रोक दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस फैसले से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजधानी के एक और सार्वजनिक स्थल पर अपनी छाप छोड़ने का मौका मिल सकता है।
थाईलैंड ने 18 कंबोडियाई युद्धबंदियों को किया रिहा
थाईलैंड ने बुधवार को कंबोडिया के 18 युद्धबंदियों को रिहा कर दिया। यह कदम दोनों देशों के बीच सीमा पर जारी खूनी संघर्ष को खत्म करने के लिए हुए संघर्ष विराम समझौते के तहत उठाया गया है। इन सैनिकों को चंतबुरी और पैलिन प्रांत के बीच स्थित सीमा चौकी पर रिहा किया गया। थाई विदेश मंत्रालय ने इसे विश्वास बहाली और मानवीय सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया है। वहीं, कंबोडिया ने कहा कि इस कदम से शांति और स्थिरता का माहौल बनेगा।
इंडोनेशिया: माउंट ज्वालामुखी को लेकर अलर्ट, निकासी शुरू
इंडोनेशियाई अधिकारियों ने आचे प्रांत में माउंट नी तेलोंग ज्वालामुखी के लिए अब तक का दूसरा सबसे बड़ा अलर्ट जारी किया है। मंगलवार शाम को ज्वालामुखी के क्षेत्रों के आसपास भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे ज्वालामुखी के सक्रिय होने का डर है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश और भूकंपीय हलचल से खतरनाक गैसें और विस्फोट हो सकते हैं। लोगों को क्रेटर से 4 किलोमीटर दूर रहने की सलाह दी गई है। ज्वालामुखी के पास स्थित तीन गांवों से लोगों को निकाला जा रहा है।
तुर्किये में इस्लामिक स्टेट के 125 संदिग्ध गिरफ्तार
तुर्किये पुलिस ने नए साल के जश्न से पहले देशभर में अभियान चलाकर इस्लामिक स्टेट (आईएस) के 125 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बुधवार को 25 प्रांतों में एक साथ छापे मारकर इन्हें पकड़ा गया। गृह मंत्री अली येरलिकाया के अनुसार, इस्तांबुल, अंकारा और इजमिर जैसे बड़े शहरों में यह कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि पिछले हफ्ते भी सैकड़ों संदिग्ध पकड़े गए थे। सोमवार को यालोवा प्रांत में एक मुठभेड़ के दौरान छह आतंकी और तीन पुलिसकर्मी मारे गए थे। मारे गए सभी आतंकी तुर्किये के नागरिक थे।