फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: सूडान में हिंसक टकराव के कारण गहरा रहा भूख संकट; US का ईरान के हथियार खरीद नेटवर्क पर प्रतिबंध

Thu, 21 Mar 2024 10:18 PM IST
काव्या मिश्रा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन

सार

मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) में संचालन के निदेशक एडेम वोसोर्नू ने बुधवार को कहा कि हिंसक टकराव का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। सूडान सबसे खराब मानवीय आपदाओं में से एक से गुजर रहा है। 
 
विज्ञापन
दुनिया की खबरें - फोटो : AMAR UJALA
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता एजेंसियों ने आगाह किया है कि सूडान में पिछले 11 महीने से जारी बर्बर लड़ाई के कारण भूख संकट गहरा रहा है। इस वर्ष मई तक कुछ क्षेत्रों में खाद्य असुरक्षा हालात विनाशकारी स्तर तक पहुंच सकते हैं।

विज्ञापन


इनके बीच जंग जारी
जनरल अब्देल फत्तह अल बुरहान के नेतृत्व वाली सेना और मोहम्मद हमदान दगालो के समर्थन वाली अर्धसैनिक बल- रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के बीच जंग चल रही है। पिछले साल अप्रैल से जारी लड़ाई में हजारों लोग मारे जा चुके हैं। 

सबसे खराब मानवीय आपदाओं में से एक से गुजर रहा
मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) में संचालन के निदेशक एडेम वोसोर्नू ने बुधवार को कहा कि हिंसक टकराव का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। सूडान सबसे खराब मानवीय आपदाओं में से एक से गुजर रहा है। 
विज्ञापन


1.8 करोड़ लोग खाद्य असुरक्षा से जूझ रहे
सूडान की सशस्त्र सेना और अर्द्धसैनिक त्वरित सुरक्षा बल (आरएसफ़) के बीच पिछले वर्ष अप्रैल महीने में शुरू हुए युद्ध में 1.8 करोड़ लोग, यानि सूडानी आबादी का एक-तिहाई से अधिक हिस्सा अचानक खाद्य असुरक्षा से जूझ रहा है। इनमें से अधिकांश दारफूर, कोर्दोफान क्षेत्र और खारतूम व अल जजीराह प्रान्तों में हैं।

यूएन खाद्य एवं कृषि संगठन के उपमहानिदेशक मॉरिजियो मार्टिना ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी प्रान्तों में टकराव का दायरा फैल रहा है, जोकि अनाज उत्पादन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां कुल गेहूं उत्पादन की 50 फीसदी उपज होती है। पिछले सप्ताह FAO की एक रिपोर्ट जारी हुई थी जिसके अनुसार अन्न के उत्पादन में 2023 में 46 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

33 लाख टन अन्न के आयात की जरूरत
उपमहानिदेशक मार्टिना ने बताया कि 2024 में 33 लाख टन अन्न के आयात की जरूरत होने का अनुमान है और इन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सूडान की वित्तीय व संचालन क्षमता के प्रति चिंता बढ़ी है। सूडान को अंतरराष्ट्रीय असावधानी और निष्क्रियता की आड़ में मानवीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सूडान की आबादी की हताशा का वर्णन करते हुए कहा कि अगर सीधे शब्दों में कहें तो हम सूडान के लोगों को तोड़ रहे हैं। 

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, संघर्ष के कारण 80 लाख से अधिक लोगों का विस्थापन हुआ है।

सूडान में मानवीय सहायता जरूरतमंद आबादी के लिए एक जीवनरेखा है, मगर मानवतावादी संगठनों को हिंसा प्रभावित आबादी तक पहुंचने में अवरोधों से जूझना पड़ रहा है। इस महीने, सुरक्षा परिषद ने एक प्रस्ताव जारी किया था जिसमें सूडान में पूर्ण व निर्बाध मानवीय सहायता मार्ग मुहैया कराए जाने की अपील की गई है, मगर यूएन एजेंसी अधिकारी का कहना है कि फिलहाल जमीन पर कोई खास प्रगति नहीं हुई है।

सात लाख सूडानी बच्चों को गंभीर कुपोषण
यूएन खाद्य कार्यक्रम के कार्यकारी उपनिदेशक कार्ल स्काउ ने सूडान में भूख संकट को क्षेत्रीय नज़रिये से वृहद परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दक्षिण सूडान में 70 लाख लोग, चाड में 30 लाख लोग भी अचानक खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। विशेष रूप से 1.8 करोड़ से अधिक लोग खाद्य असुरक्षा से गुजर रहे हैं। जबकि 7,30,000 सूडानी बच्चों को गंभीर कुपोषण से पीड़ित माना गया है। 

अमेरिका ने ईरान के तीन हथियार खरीद नेटवर्क पर प्रतिबंध लगाए

अमेरिका ने बुधवार को ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल, परमाणु और रक्षा कार्यक्रमों का समर्थन करने वाले तीन खरीद नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। ट्रेजरी विभाग ने एक बयान में कहा है कि ईरान, तुर्की, ओमान और जर्मनी में स्थित खरीद नेटवर्क ने कार्बन फाइबर, एपॉक्सी रेजिन और अन्य मिसाइल सक्षम सामान की खरीद की थी। 
 
एक बयान में कहा, आज अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) ने ईरान, तुर्की, ओमान और जर्मनी स्थित तीन खरीद नेटवर्क को निशाना बनाया, जिसने ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल, परमाणु और रक्षा कार्यक्रमों का समर्थन किया है। यह कार्रवाई कार्यकारी आदेश के अनुसार की गई, जो सामूहिक विनाश के हथियारों (WMD) के प्रसारकों और उनके वितरण के साधनों को लक्षित करता है।
 
आतंकवाद और वित्तीय खुफिया के लिए ट्रेजरी के अवर सचिव ब्रायन ई. नेल्सन ने कहा, 'इन नेटवर्कों ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स एयरोस्पेस फोर्स सेल्फ सफिशिएंसी जिहाद ऑर्गनाइजेशन (IRGC ASF SSJO) के लिए कार्बन फाइबर, एपॉक्सी रेजिन और अन्य मिसाइल एप्लिकेबल सामान की खरीद की। जटिल गुप्त खरीद नेटवर्क के माध्यम से ईरान दुनिया भर में गलत हाथों को हथियार प्रणालियों की आपूर्ति करना चाहता है जो संघर्ष को बढ़ावा देते हैं और अनगिनत नागरिकों के जीवन को खतरे में डालते हैं।'

लंदन में भारतीयों पर हमला करने वाले खालिस्तानी समर्थक की सजा मुकर्रर
पश्चिम लंदन के साउथहॉल में पिछले साल 15 अगस्त के दौरान एक खालिस्तान समर्थक द्वारा भारतीय मूल के दो लोगों और एक महिला पुलिस अधिकारी  को घायल किया गया था। इस मामले में 26 साल के खालिस्तान समर्थक गुरप्रीत सिंह को 28 महीने की कैद की सजा सुनाई गई है। बुद्धवार को गुरप्रीत को आइलवर्थ क्राउन कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में बताया गया कि गुरप्रीत ने हमले के लिए कृपाण का इस्तेमाल किया था। इस मामले में कोर्ट ने गुरप्रीत को 28 महीने जेल की सजा सुनाई है।

श्रीलंकाई नौसेना ने 32 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया
श्रीलंकाई नौसेना ने 32 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सभी मछुआरों को कथित तौर पर द्वीप राष्ट्र के जल में मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ये भी बताया गया है कि नौसेना ने तलाईमन्नार के पास 7 मछुआरों को गिरफ्तार किया और दो भारतीय ट्रॉलरों को जब्त किया। इसके अलावा नौसेना कर्मियों ने तीन और भारतीय ट्रॉलरों को भी जब्त किया है। नौसेना द्वारा डेल्फ़्ट द्वीप के पास 25 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया गया है।

सिंगापुर में दो भारतीयों का सम्मान 
भारतीय मूल के न्यायमूर्ति जूडिथ प्रकाश और रवि मेनन को नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर ने अपने बोर्ड ऑफ ट्रस्टी में जगह दी है। नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर की तरफ से आधिकारिक बयान जारी किया गया है।  न्यायमूर्ति रवि मेनन लंबे समय से सिंगापुर के मौद्रिक प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक रहे। 2011 से जनवरी 2024 तक वो इस पद पर रहे। न्यायमूर्ति जीडिथ प्रकाश ने 30 से अधिक वर्षों तक सर्वोच्च न्यायालय की पीठ में कार्य किया है।

अरब सागर में नाव हादसा, पाकिस्तानी नाविक की मौत, दो भारतीय लापता
पाकिस्तानी के समुद्री क्षेत्र में मछली पकड़ने गई एक भारतीय नाव बृहस्पतिवार को हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में एक पाकिस्तानी नाविक की मौत हो गई और दो भारतीय मुछआरे सागर में लापता हो गए। पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान के समुद्री क्षेत्र में गश्त के दौरान आठ भारतीय नावें अवैध रूप से मछली पकड़ रही थी। पकड़े जाने से बचने के लिए इनमें से एक नाव ने अपनी गति बढ़ा ली। इस वजह से वह नाम पाकिस्तानी जहाज से टकराकर पलट गई। नाव की चपेट में आने से एक पाकिस्तानी नाविक की मौत हो गई, जबकि दो भारतीय मछुआरे समुद्र में लापता हो गए। उनकी तलाशी के लिए अभियान शुरू किया गया है।

विज्ञापन

गिलगित-बाल्टिस्तान में गेहूं से छूट रद्द करने पर प्रदर्शन
पाकिस्तान अधिकृत गिलगित-बाल्टिस्तान में बिजली और महंगाई के बाद अब खाद्य संकट भी खड़ा हो गया है। इश्कोमन क्षेत्र में आटे की किल्लत हो गई है। इसके विरोध में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्र में गेहूं और आटे पर सब्सिडी खत्म होने से यह संकट खड़ा हुआ है। आसमान छूती महंगाई के बीच इन वस्तुओं की ऊंची कीमतों ने लोगों पर वित्तीय दबाव का भारी बोझ डाल दिया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें