अफगानिस्तान में महिलाओं के खिलाफ तालिबान के जुल्म रुकने का नाम नहीं ले रहे। इस बार अफगानिस्तान में महिलाओं के जिम जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सत्ता संभालने के बाद महिलाओं के अधिकारों और स्वतंत्रता पर नकेल कसने के लिए नए-नए फरमान जारी करता आया है।
सत्ता पर काबिज होने के बाद लगाए कई प्रतिबंध
तालिबान पिछले साल अगस्त 2021 में सत्ता पर काबिज हुआ था। इसके बाद देश में माध्यमिक और उच्चतर विद्यालय जाने पर लड़कियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। महिलाओं को रोजगार के ज्यादातर क्षेत्रों में प्रतिबंधित कर दिया गया था। इतना ही नहीं, महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सिर से लेकर पैर तक बुर्के में ढके रहने का आदेश भी दिया गया था।
बताई यह बेतुकी वजह
धार्मिक मामलों के मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि लोग आदेशों की अनदेखी कर रहे थे। महिलाओं ने हिजाब पहनने संबंधी नियमों का पालन नहीं भी किया। इस वजह से हमने यह प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। अब महिलाओं के जिम और पार्क में जाने पर प्रतिबंध इसी हफ्ते से लागू हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर लोगों को आदेश का पालन किया होता, तो हमें यह कदम उठाना ही नहीं पड़ता।
संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिनिधि ने की निंदा
उन्होंने बताया कि ज्यादातर मौकों पर हमने पुरुषों और महिलाओं को एकसाथ कई पार्कों में देखा। इस दौरान हिजाब जैसे कानूनों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसलिए हमें एक और निर्णय लेना पड़ा। संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिनिधि एलिसन डेविडियन ने इस प्रतिबंध की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह तालिबान द्वारा सार्वजनिक जीवन से महिलाओं की भागीदारी समाप्त करने का एक और उदाहरण है।