Yahya Sinwar: कौन था याह्या सिनवार जिसके मारे जाने का हो रहा दावा, हमास नेता इस्राइल के निशाने पर क्यों था?
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
Published by: शिवेंद्र तिवारी
Updated Thu, 17 Oct 2024 08:34 PM IST
सार
Yahya Sinwar: याह्या सिनवार गाजा पट्टी में हमास का शीर्ष नेता था। 7 अक्तूबर 2023 को इस्राइल में हुए हमले का मास्टरमाइंड भी इसी को माना जाता है। सिनवार इस्राइल की कैद में रह चुका है। ईरान का करीबी सिनवार हमास के कट्टरपंथी समूह का नेतृत्व करता था।
याह्या सिनवार
- फोटो : AMAR UJALA
गाजा में इस्राइल के सबसे बड़े दुश्मन याह्या सिनवार के मारे जाने की खबर है। गुरुवार को इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने एक अभियान के दौरान हमास के तीन लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है। आईडीएफ और इस्राइल सिक्योरिटी एजेंसी (आईएसए) यह जांच कर रहे हैं कि क्या इनमें से एक याह्या सिनवार भी था या नहीं। सिनवार ही था जिसने इस्राइल में पिछले साल घातक हमले का नेतृत्व किया था।
याह्या सिनवार
- फोटो : AMAR UJALA
गाजा में इस्राइल के सबसे बड़े दुश्मन याह्या सिनवार के मारे जाने की खबर है। गुरुवार को इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने एक अभियान के दौरान हमास के तीन लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है। आईडीएफ और इस्राइल सिक्योरिटी एजेंसी (आईएसए) यह जांच कर रहे हैं कि क्या इनमें से एक याह्या सिनवार भी था या नहीं। सिनवार ही था जिसने इस्राइल में पिछले साल घातक हमले का नेतृत्व किया था।
कौन था याह्या सिनवार?
याह्या सिनवार गाजा पट्टी में हमास का शीर्ष नेता था। इस्राइल में 7 अक्तूबर को हुए हमास के हमले का मास्टरमाइंड भी याह्या सिनवार को माना जाता है। याह्या सिनवार को गाजा का सबसे ताकतवर नेता माना जाता था। वह इस्राइल की कैद में रह चुका है और करीब 24 साल जेल में बिता चुका था। इस्राइली सैनिक गिलाद शालित के बदले में इस्राइल की जेल से 1027 फलस्तीनी कैदी रिहा किए गए थे, उन्हीं कैदियों में याह्या सिनवार भी शामिल था। सिनवार ईरान का करीबी था और हमास के कट्टरपंथी समूह का नेतृत्व करता था। याह्या सिनवार इस्राइल की उस सूची में शीर्ष पर था, जिनका इस्राइल खात्मा करना चाहता था।
7 अक्तूबर को हुए हमले का किया था नेतृत्व
पिछले साल 7 अक्तूबर को दक्षिणी इस्राइल में हुए हमले में 12 सौ लोग मारे गए थे और लगभग ढाई सौ लोगों को बंधक बनाया गया था। हमास के जिस समूह ने इस्राइल पर हमला किया था, उसका नेतृत्व याह्या सिनवार ने ही किया था।
हानिया की हत्या के बाद सिनवार हमास नेता बना
जुलाई के आखिर में हमास की राजनीतिक शाखा के प्रमुख इस्माइल हानिया की ईरान की राजधानी तेहरान में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हमास ने याह्या सिनवार को अपना प्रमुख नेता चुना था। हालांकि, उसी दौरान इस्राइल ने याह्या को लेकर एक चेतावनी दी थी। इस्राइल के विदेश मंत्री काट्ज ने कहा था कि वे नए हमास प्रमुख को भी बहुत जल्द खत्म कर देंगे।