ओमिक्रॉन से ज्यादा संक्रामक स्वरूप आते रहेंगे
डब्ल्यूएचओ की कोविड-19 तकनीकी प्रमुख मारिया वान केरखोव का कहना है कि ओमिक्रॉन आखिरी चिंताजनक वैरिएंट नहीं है। आने वाले दिनों में इससे भी अधिक संक्रामक वैरिएंट सामने आ सकते हैं। डब्ल्यूएचओ के कोविड टूल फ्रंटमैन ब्रूस आयलवर्ड कहते हैं कि 2022 की समाप्ति महामारी में ही हो, यह जरूरी नहीं है। डब्ल्यूएचओ के आपात निदेशक माइकल रयान कहते हैं कि समान टीकाकरण के बिना 2022 के अंत तक दुनिया बड़ी त्रासदी की ओर बढ़ जाएगी।
ब्रिटेन में सेना की मदद
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश में कोविड संक्रमण के रिकॉर्ड मामलों के कारण अस्पतालों में कर्मचारियों की कमी हो गई है। दबाव का सामना करने वाले अस्पतालों की मदद के लिए सेना की तैनाती शुरू कर दी गई है। सरकार ने बताया कि तीन सप्ताह के लिए लंदन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा की सहायता के लिए सशस्त्र बल के 200 कर्मियों को तैनात किया है। ब्रिटेन में पिछले सप्ताह में हर दिन 150, 000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का कहना है टीकाकरण व ओमिक्रॉन के कम गंभीर होने के कारण इंग्लैंड नए प्रतिबंधों के बिना महामारी का सामना कर सकता है। हालांकि, स्टाफ की कमी से कुछ हफ्तों को चुनौतीपूर्ण बताया।
कैलिफोर्निया में अगले माह तक राहत संभव
कैलिफोर्निया में संक्रमण की वृद्धि को देखते हुए स्कूलों को बंद कर दिया है। हजारों पुलिसकर्मी, दमकलकर्मी, शिक्षक और स्वास्थ्यकर्मी संक्रमण की चपेट में हैं। हालांकि, लॉस एंजल्स काउंटी की सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक बारबरा फेरर कहती हैं कि फरवरी के अंत तक हालात सामान्य हो जाएंगे। कैलिफोर्निया में दो सप्ताह में संक्रमण पांच गुना बढ़ गया है। एक करोड़ की आबादी वाले राज्य के सबसे बड़े शहर लॉस एंजल्स में गुरुवार को 37,000 से अधिक नए मामले दर्ज किए गए।
चीन : अस्पतालों को चेतावनी
चीन में शुक्रवार को संक्रमण के नए मामलों में कमी देखने को मिली, जो गुरुवार के 132 की तुलना में 116 ही रहे। वहीं, प्रशासन ने अस्पतालों को चेतावनी दी है कि किसी भी मरीज के इलाज से इनकार नहीं किया जाए। 13 लाख की आबादी वाले शहर जियान 16 दिन से लॉकडाउन लगा है। दरअसल, एक गर्भवती महिला दो घंटे तक अस्पताल के बाहर इलाज का इंतजार करती रही, इस दौरान बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई। इस घटना की चीन के सोशल मीडिया आलोचना हुई। लोगों का गुस्सा भड़कता देख शहर के अधिकारियों को दंडित किया गया।
जापान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों के इलाकों में कठोर प्रतिबंध लगाया
जापान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले तीन इलाकों में कोविड प्रतिबंध कड़े कर दिए हैं। प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने एक बैठक में कहा कि रेस्तरां और बार के संचालन के घंटों को सीमित जैसे कदमों से संक्रमण को काबू में रखने में मदद मिलेगी। जापान में कोविड संक्रमण के 80 फीसदी मामलों में ओमिक्रॉन वैरिएंट सामने आ रहा है। शुक्रवार को वहां नए संक्रमण के 5,000 अधिक मामले आए, जबकि पिछले महीने औसतन 200 प्रतिदिन थे।
10 दिन में शीर्ष पर होगी फ्रांस में लहर इसके बाद ही मिल सकेगी राहत
फ्रांस में कोविड टीकाकरण के शीर्ष रणनीतिकार प्रोफेसर एलेन फिशर का दावा है कि मौजूदा दर से कोविड लहर फ्रांस में 10 दिनों शीर्ष पर पहुंच जाएगी। फिशर ने बताया कि जनवरी के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत में फ्रांस में कोविड संक्रमण शीर्ष पर होगा, इसके बाद यह कम होने लगेगा। फ्रांस में बृहस्पतिवार को संक्रमण के 261,481 नए मामले सामने आए। इससे पहले बुधवार को सर्वाधिक 332,000 मामले आए थे।