क्या हो जब एटीएम से पैसे के बजाय हाथ से लिखी हुई मदद की पर्ची निकल आए। नोटों के निकलने की आवाज की जगह किसी इंसान की आवाज आने लगे। कुछ ऐसी ही अमेरिका में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जब एटीएम से पैसों के साथ-साथ मदद मांगने की पर्ची भी निकल आई।
मामला अमेरिका के टैक्सास का है, जब एक पुलिसकर्मी पैसे निकालने के लिए बैंक ऑफ अमेरिका के एटीएम पहुंचा तो हतप्रभ रह गया। उसने देखा कि नोटों के साथ एक रसीद बाहर आई, जिसमें लिखा था, मेरी मदद करो। पहले तो पुलिसकर्मी को लगा यह सब मजाक है, लेकिन इसके बाद एटीएम से आवाज आने लगी, जो मदद की अपील कर रहा था।
पुलिसकर्मी ने जब दरवाजे पर लात मारी, तो देखा की एटीएम से लगे सर्विस रूम में युवक बंद है, जो मदद के लिए लगातार पुकार रहा है और हाथ से पर्चियां लिखकर बाहर फेंक रहा है। इसके बाद पुलिसकर्मी ने बैंक को सूचना देकर युवक को बाहर निकाला।
टैक्सास पुलिस ने बताया कि यह युवक कोई चोर नहीं, बल्कि दरवाजों के ताले सुधारने वाला है। इसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है, जिसकी वजह से उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने बताया कि युवक एटीम से सटे सर्विस रूम के दरवाजे के लॉक को सुधारने गया था और इस दौरान उसने दरवाजे को अंदर से खोलने का उपकरण और सेल फोन बाहर छोड़ दिया था।
यही वजह रही कि वो सर्विस रूम में दाखिल तो हो गया, लेकिन बाहर नहीं निकल सका। युवक करीब दो घंटे तक सर्विस रूम ममें बंद रहा। इस दौरान उसने मदद के लिए कई पर्चियां एटीएम के माध्यम से बाहर फेंकी, लेकिन किसी ने भी उनपर ध्यान नहीं दिया। लोग पैसा निकालते और चले जाते।