कनाडा के पीएम मार्क कार्नी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : PTI/ANI
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर कनाडा से नाराज हो गए हैं। यही वजह है कि ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एलान किया कि उन्होंने टैरिफ को लेकर कनाडा के साथ सभी बातचीत एकतरफा तौर पर रोक दी हैं। ट्रंप की नाराजगी की वजह कनाडा के डिजिटल सर्विस टैक्स को माना जा रहा है। डिजिटल सर्विस टैक्स को बीते साल लागू किया गया था, लेकिन कंपनियां 30 जून से कर भुगतान शुरू करेंगी। डिजिटल सर्विस टैक्स सीधे तौर पर अमेरिका की बड़ी तकनीकी और ई-कॉमर्स कंपनियों को सीधे तौर पर प्रभावित करेगा, जिसे लेकर ट्रंप नाराज हैं।
क्या है डिजिटल सेवा कर
डिजिटल सेवा कर के तहत कनाडा सरकार विदेशी और घरेलू बड़ी तकनीकी कंपनियों पर यूजर्स के कंपनियों के साथ ऑनलाइन जुड़ने पर होने वाली कमाई पर टैक्स लगाएगी। यह टैक्स तीन प्रतिशत तक हो सकता है, जो यूजर्स के जुड़ाव, डेटा पर निर्भर करता है। कंपनियों द्वारा यूजर्स से राजस्व ऑनलाइन मार्केटप्लेस सेवाओं, ऑनलाइन विज्ञापन सेवाओं, सोशल मीडिया सेवाओं और उपयोगकर्ताओं के डेटा की बिक्री से अर्जित किया जाता है। यह टैक्स उन्हीं कंपनियों पर लगेगा, जिनका सालाना वैश्विक राजस्व 75 करोड़ यूरो या उससे अधिक है, साथ ही कंपनी का कनाडा में डिजिटल सेवा राजस्व दो करोड़ कनाडाई डॉलर से अधिक होना चाहिए। डिजिटल सेवा कर 1 जनवरी 2022 से प्रभावी है और कंपनियां 30 जून 2025 से इसका भुगतान शुरू करेंगी।
ये भी पढ़ें-
ईरान की ट्रंप को दो टूक: अराघची बोले- अगर समझौता चाहिए तो सम्मान दिखाइए, असली ताकत दिखाई तो टूट जाएंगे भ्रम
कनाडा को मिलेंगे अरबों डॉलर
कनाडा की सरकार को डिजिटल सेवा कर से हर साल करीब 87 करोड़ डॉलर का राजस्व मिल सकता है। कनाडा के संसदीय बजट कार्यालय के पूर्वानुमान के अनुसार, पांच वर्षों में डिजिटल सेवा कर कनाडा सरकार के खजाने में 7.2 अरब कनाडाई डॉलर का योगदान देगा। वहीं अमेरिका में कंप्यूटर एवं संचार उद्योग संघ का दावा है कि तकनीकी और ई-कॉमर्स कंपनियां कनाडा को करीब 3 अरब डॉलर कर का भुगतान करेंगी और इसका असर अमेरिका में होगा और अमेरिका में 3000 नौकरियां जा सकती हैं।
ट्रंप ने दी धमकी
ट्रंप ने कनाडा पर यूरोपीय संघ के पीछे-पीछे चलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे (कनाडा) खुले तौर पर यूरोपीय संघ की नकल कर रहे हैं, जिसने भी यही काम किया है। कनाडा पर हमला करते हुए ट्रंप ने कहा कि कनाडा ने अमेरिका को सूचित किया है कि वह सोमवार से लागू होने वाले कर लगाने की अपनी योजना पर कायम है। ऐसे में इस उनकी इस कर योजना के आधार पर हम कनाडा के साथ व्यापार पर सभी चर्चाओं को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर रहे हैं। इतना ही नहीं, अमेरिका जल्द ही कनाडाई वस्तुओं पर टैरिफ लगाएगा। हम कनाडा को अगले सात दिनों के भीतर बता देंगे कि वे अमेरिका के साथ व्यापार करने के लिए कितना टैरिफ चुकाएंगे।
ये भी पढ़ें-
Gaza: गाजा में राहत सामग्री वितरण में हो रहीं मौतों पर UN का आरोप, कहा- सामूहिक हत्याओं को बढ़ा रहा इस्राइल