कई देशों में नए साल के समारोह रद्द
विश्व में कई स्थानों पर नववर्ष की पूर्व संध्या पर मनाया जाने वाला जश्न संक्रमण के चलते लगातार दूसरे वर्ष फीका पड़ गया या रद्द कर दिया गया। इस साल कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट ने इस जश्न का उत्साह ठंडा कर दिया। जापान में लेखक नाओकी मत्सुजावा ने कहा कि वे अगले कुछ दिन खाना पकाने और बुजुर्गों को भोजन पहुंचाने में बिताएंगे, क्योंकि कुछ स्टोर बंद हो जाएंगे।
न्यूजीलैंड में आतिशबाजी के कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। दक्षिण कोरिया ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर सियोल में मनाया जाने वाला समारोह लगातार दूसरे वर्ष रद्द कर दिया। इंडोनेशिया में भी सरकार ने नए साल के कार्यक्रम रद्द कर दिए।
अमेरिका : हृदयविदारक है अस्पतालों में बढ़ती बच्चों की संख्या
अमेरिका में विशेषज्ञों ने आगामी हफ्तों में ओमिक्रॉन की सुनामी आने की चेतावनी दी है। खराब होते हालात के चलते अमेरिका और अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 5.80 लाख नए कोरोना मामले दर्ज हुए हैं।
फिलाडेल्फिया में बच्चों के अस्पताल के संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. पॉल ऑफिट ने इसे बेहद हृदय विदारक बताया है क्योंकि इस साल इसे रोकने का तरीका होने के बावजूद संक्रमण कम नहीं हो रहा।
वायरस के चलते संयुक्त राष्ट्र परमाणु संधि बैठक में होगी देरी
कोरोना मामलों में वृद्धि के कारण संयुक्त राष्ट्र में एक प्रमुख परमाणु संधि सम्मेलन आयोजित करने की योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों ने बैठक शुरू होने से कुछ दिन पहले इसे स्थगित करने पर सहमति जताई है। महामारी के कारण दो साल की देरी से दुनिया भर के प्रतिनिधिमंडलों को परमाणु हथियार नियंत्रण से संबंधित 1970 अप्रसार संधि पर चर्चा के लिए यूएन मुख्यालय में बुलाया गया था।
लेकिन अब पहले से ही लंबित सम्मेलन को एक अगस्त से शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। यह संधि दुनिया का सबसे व्यापक रूप से समर्थित परमाणु हथियार नियंत्रण समझौता है, जिसमें भाग लेने वाले 191 देश शामिल हैं। अर्जेंटीना के राजनयिक व अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के पूर्व अधिकारी ज्लौविनेन ने इसे एक खेदजनक निर्णय बताया।