कमला हैरिस के वारसॉ दौरे से पहले गड़बड़ी की आशंका
रूसी हमले से पलायन करने वाले शरणार्थियों को पोलैंड में पनाह देने की मुहिम का शुक्रिया अदा करने अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस वारसॉ दौरे पर हैं। लेकिन वाशिंगटन छोड़ने से पहले ही पोलैंड के लड़ाकू जेट प्रस्ताव ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया। अमेरिकी विदेश मंत्रालय को इस प्रस्ताव के बाद युद्ध और अधिक भड़कने की आशंका है और ऐसे में हैरिस का दो दिनी पोलैंड व रोमानिया दौरा विवाद में पड़ने की आशंका है। हैरिस की यात्रा हालात को संभालने के मकसद से हो रही है लेकिन लड़ाकू जेट से पैदा होने वाले हालात माहौल में गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं।
पूर्व मिस यूक्रेन वेरोनिका दिदुसेंको ने सुनाई अपनी कीव से निकलने की दर्द भरी दास्तां
पूर्व मिस यूक्रेन वेरोनिका दिदुसेंको ने अपनी मातृभूमि पर रूसी हमले के बाद कीव से अपने सात वर्षीय बेटे को लेकर निकल जाने की मार्मिक कहानी बयां की है। उन्होंने दुनिया के विभिन्न देशों से रूसी हमलों से निपटने के लिए अपने देश के लोगों को अतिरिक्त हथियार और अन्य सैन्य साजो-सामान उपलब्ध कराने की अपील भी की है।
वेरोनिका ने 2018 में मिस यूक्रेन का ताज जीता था। उन्होंने बताया कि वह और उनका बेटा रूसी हमले के पहले दिन हवाई हमलों और विस्फोटों के सायरन की आवाज के बीच जागे। इसी के साथ दोनों सड़कों पर निकले उन हजारों लोगों की भीड़ में शामिल हो गए, जो यूक्रेन से भागने की जद्दोजहद में जुटे थे।
वेरोनिका ने कहा, यूक्रेन की सीमा तक रॉकेट गिरने या बम विस्फोट होने की आवाजें नहीं सुनाई दे रही थीं। उन्होंने महिला अधिकारों के लिए लड़ने वाली अमेरिकी अटॉर्नी ग्लोरिया एलरेड के लॉस एंजिलिस स्थित कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में अपनी कहानी बयां की। वेरोनिका ने बताया, देश के सबवे स्टेशन और बम रोधी केंद्रों में शरण लेने वाले लाखों यूक्रेनी बच्चे और उनकी मांएं हर आवाज पर कांप उठते हैं।
महिलाएं आश्रय स्थलों में बच्चों को जन्म दे रही हैं। वेरोनिका ने कहा कि यूक्रेनवासी अपने देश की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन उन्हें अतिरिक्त हथियारों और अन्य सैन्य साजो-सामान की जरूरत है। उन्होंने कहा, हम अपनी और आपकी आजादी के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।