भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सेशेल्स में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के शपथ ग्रहण में शामिल हुए हैं। वहीं उन्होंने इससे पहले भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नए राष्ट्रपति और सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सेशेल्स में उनकी उपस्थिति सेशेल्स के लोगों के प्रति भारत के दृढ़ समर्थन को रेखांकित करती है - जो दोनों देशों के बीच स्थायी साझेदारी की पुष्टि करती है।
भारतीय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दो दिवसीय विदेश दौरे के तहत सेशेल्स की राजधानी पहुंच चुके हैं। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का यह पहला विदेशी दौरा है, क्योंकि उन्होंने सितंबर 2025 में पद ग्रहण किया था। अपने इस दौरे पर उन्होंने सबसे पहले भारतीय समुदाय को संबोधित किया और फिर राष्ट्रपति-निर्वाचित डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए हैं।
सेशेल्स में प्रवासी भारतीयों को उपराष्ट्रपति ने किया संबोधित
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री का 'महासागर' - सभी क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति - का दृष्टिकोण एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद महासागर के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उपराष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि सेशेल्स इस दृष्टिकोण और वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण भागीदार बना हुआ है।
उपराष्ट्रपति के दौरे पर विदेश मंत्रालय का पोस्ट
विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक पोस्ट में बताया कि उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अपने दौरे की शुरुआत भारतीय समुदाय को संबोधित करने से की। इसके बाद वे राष्ट्रपति-निर्वाचित का शपथ ग्रहण समारोह भी शामिल हुए। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा भारत-सेशेल्स संबंधों में और गति लाएगा।
विक्टोरिया में भारतीय समुदाय ने जताई उत्सुकता
भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले वहां के भारतीय समुदाय में खुशी और उत्साह देखा गया। समुदाय के लोग इस दौरे को भारत और सेशेल्स के मजबूत रिश्तों का प्रतीक मान रहे हैं। भारतीय समुदाय का उत्साह और उपराष्ट्रपति का यह दौरा, दोनों देशों के बीच रिश्तों को नए आयाम देने और सहयोग बढ़ाने का संकेत है।
भारतीय समुदाय का स्वागत और प्रतिक्रिया
भारतीय समुदाय के सदस्य सुनील ने कहा, 'यह एक महान अवसर है... यह दोनों देशों के बीच रिश्तों की ताकत को दर्शाता है।' वहीं दिव्या पिल्लई ने कहा, 'हम सभी उनके आगमन को लेकर बहुत उत्साहित हैं। कुछ साल पहले प्रधानमंत्री मोदी भी यहां आए थे। यह दौरा हमें बहुत प्रेरित करता है। उनकी मौजूदगी भारत-सेशेल्स रिश्तों को और मजबूत करती है।' हेताल शाह ने कहा, "हम बहुत उत्साहित हैं और उम्मीद करते हैं कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।'