क्रिकेट सलाहकार समिति के सदस्य सौरव गांगुली ने कहा है कि टीम इंडिया के चीफ कोच के लिए आवेदन करने का हक सभी को है। दिग्गज अनिल कुंबले के इस्तीफे देने के बाद रिक्त हुए पद के लिए पूर्व टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री के भी जल्द आवेदन करने की चर्चा है।
माना जाता है कि शास्त्री और सौरव गांगुली के बीच रिश्ते ज्यादा मधुर नहीं हैं। एक साल पहले क्रिकेट सलाहकार समिति ने टीम डायरेक्टर रहे शास्त्री से ज्यादा अनिल कुंबले को तरजीह दी थी। शास्त्री इंटरव्यू के लिए व्यक्तिगत रूप से नहीं पहुंचे थे।
शास्त्री ने खुले तौर पर इसके लिए सौरव गांगुली की यह कहकर आलोचना की थी कि उन्होंने कुंबले के लिए लाबिंग की और समिति के अन्य सदस्यों सचिन और वीवीएस लक्ष्मण को राजी किया। इस बीच गांगुली का मानना है कि चीफ कोच कुंबले और कप्तान विराट कोहली के मसले को बेहतर ढंग से सुलझाया जा सकता था।