अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन इन दिनों अपनी बढ़ती उम्र और कमजोर यादाश्त को लेकर आलोचकों के निशाने पर हैं। अब जो बाइडन की पत्नी जिल बाइडन उनके बचाव में उतर गई हैं। जिल बाइडन ने स्पेशल काउंसल की उस रिपोर्ट पर निशाना साधा है, जिसमें कहा गया है कि जो बाइडन ने उपराष्ट्रपति रहते हुए गोपनीय दस्तावेजों के प्रति लापरवाही बरती। स्पेशल काउंसल ने ये कहकर भी जो बाइडन की कमजोर यादाश्त को मुद्दा बनाया है कि उन्हें अपने बेटे की मौत की तारीख भी याद नहीं है।
जो बाइडन के बचाव में उतरीं पत्नी जिल बाइडन
अब जिल बाइडन ने स्पेशल काउंसल की रिपोर्ट पर जो बाइडन का बचाव किया है। उन्होंने शनिवार को पार्टी समर्थकों को भेजे ईमेल में लिखा कि 'रिपोर्ट में जो भी है, वह गलत और जो बाइडन पर निजी राजनीतिक हमला है। स्पेशल काउंसल का दावा है कि जो बाइडन को ये भी याद नहीं है कि उनके बेटे की मौत किस साल में हुई थी, लेकिन मेरा यकीन मानिए, जिसने भी अपने बच्चे को खोया है, हर उस इंसान की तरह जो बाइडन भी बेटे ब्यू की मौत को नहीं भूले हैं।' उन्होंने आगे लिखा कि 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि इस सब से स्पेशल काउंसल क्या हासिल करना चाहते हैं।'
'बेटे की मौत का राजनीतिक फायदा लेने की हो रही कोशिश'
जो बाइडन के बेटे ब्यू बाइडन की मौत साल 2015 में ब्रेन कैंसर से हुई थी। जिल बाइडन ने लिखा कि 'मैं इसकी कल्पना भी नहीं कर सकती कि किस तरह से हमारे बेटे की मौत से राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश की जा रही है। 30 मई की तारीख हमेशा हमारे दिलों में रहेगी और यह मुझे और मेरे परिवार को तोड़कर रख देती है।' जो बाइडन के समर्थन में जिल ने लिखा कि 'जो बाइडन 81 साल के हैं, लेकिन वह अभी भी एक घंटे में उतना काम करते हैं, जितना लोग पूरे दिन में करते हैं। उनके पास बुद्धिमानी, समझ, संवेदना और अनुभव के साथ ही दूरदर्शिता है। उन्होंने अपने वादे पूरे किए हैं और ये साबित किया है कि वह अभी भी देश के लिए अमूल्य पूंजी हैं।'