90 दिन की योजना के लिए आवेदन की तारीख निकल चुकी है। इसके तहत फिनलैंड आने वाले लोगों को सभी जरूरी सरकारी दस्तावेज, अच्छा आवास, स्कूल और बच्चों के डे-केयर की सुविधा, रिमोट वर्किंग सुविधा और टेक हब्स एवं नेटवर्कों से उनका परिचय कराने की सुविधा दी जाएगी। अगर वे यहां स्थायी रूप से बसना चाहेंगे, तो उसकी पूरी सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी।
हेल्थ केयर सुविधा से प्रभावित हैं लोग
अमेरिका से जिन लोगों ने आवेदन किया है, उनके बारे में छपी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि उन्होंने सिर्फ अच्छी नौकरी की संभावना के कारण ऐसा नहीं किया। बल्कि फिनलैंड की यूनिवर्सल हेल्थ केयर की व्यवस्था, मातृ एवं पितृ अवकाश की उदार व्यवस्था, काम और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन की परिपाटी और प्रकृति से निकट रहते हुए जीने की संभावना ने उन्हें आकर्षित किया है। इसके साथ ही फिनलैंड की सरकार ने जिस कुशलता से कोरोना महामारी का सामना किया, उससे भी वे प्रभावित हुए हैं। फिनलैंड में कोरोना संक्रमण के कारण मृतकों की संख्या प्रति दस लाख आबादी पर सिर्फ 85 है। यह दुनिया के न्यूनतम दरों में एक है। इस तथ्य ने भी लोगों को आकर्षित किया है कि ग्लोबल हैपिनेस इंडेक्स में पिछले लगातार तीन वर्षों से फिनलैंड पहले नंबर पर आया है।