अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि वॉशिंगटन डीसी प्रशासन ने पुलिस और ICE के बीच सहयोग समाप्त किया तो वे नेशनल इमरजेंसी घोषित करेंगे। उन्होंने मेयर म्यूरियल बाउजर पर कट्टरपंथी डेमोक्रेट्स के दबाव में अपराध को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को चेतावनी दी कि यदि वॉशिंगटन डीसी प्रशासन मेट्रोपॉलिटन पुलिस और इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट के बीच सहयोग समाप्त करता है तो वे राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर देंगे। ट्रंप ने मेयर म्यूरियल बाउजर पर 'कट्टरपंथी डेमोक्रेट्सट' के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
ट्रंप ने कहा कि संघीय सरकार के हस्तक्षेप से वॉशिंगटन डीसी, जो कभी अमेरिका का सबसे खतरनाक और हत्या-प्रवण शहरों में गिना जाता था, अब कुछ ही हफ्तों में सुरक्षित जगह बन गया है। उन्होंने दावा किया कि अपराध खत्म हो चुका है और व्यवसाय तेजी से फल-फूल रहे हैं।
मेयर बाउजर पर हमला
राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि मेयर बाउजर कट्टरपंथी डेमोक्रेट्स के दबाव में आकर ICE के साथ सहयोग खत्म कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो अपराध दोबारा लौट आएगा और हालिया उपलब्धियां बेकार हो जाएंगी।
ट्रंप ने डीसी के नागरिकों और कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह अपराध को लौटने नहीं देंगे और जरूरत पड़ने पर और सख्त कदम उठाएंगे।
नेशनल इमरजेंसी की चेतावनी
राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि हालात बिगड़े तो वे नेशनल इमरजेंसी घोषित करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर संघीय नियंत्रण और भी बढ़ा देंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैं संघीयकरण करूंगा, अगर जरूरत हुई।
ट्रंप ने यह भी याद दिलाया कि वॉशिंगटन डीसी की नेशनल गार्ड सीधा राष्ट्रपति के अधीन आती है, जबकि 50 राज्यों में गवर्नर का अधिकार होता है। यही वजह है कि वे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत कदम उठा सकते हैं।
मेयर बाउजर ने पहले ट्रंप के कदमों को अपराध रोकने में मददगार बताया था, लेकिन अब आईसीई के साथ समन्वय खत्म करने का आदेश जारी किया है। इस फैसले ने ट्रंप और स्थानीय प्रशासन के बीच टकराव को और बढ़ा दिया है।