शेयर बाजार में एआई से काम कराने वाले पेशेवरों की तलाश
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के कारण इंसानों की नौकरियां छिनेंगी या नहीं, इस बहस के बीच अमेरिकी वित्तीय बाजार वॉल स्ट्रीट से एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। वित्तीय संस्थानों में एआई ने पारंपरिक नौकरियों पर कैंची चलाने के बजाय नई और अत्यधिक वेतन वाली नौकरियों की बाढ़ ला दी है। वॉल स्ट्रीट के दिग्गज बैंकों में एआई से जुड़ी नौकरियों में सबसे तेजी से उभरने वाली स्किल एजेंट ऑर्केस्ट्रेशन है जिसमें पिछले एक साल के दौरान 1,721% की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
एंटरप्राइज हायरिंग डेटा फर्म ड्रॉप के ताजा विश्लेषण के मुताबिक, दिग्गज बैंक अब केवल कोड लिखने वालों के बजाय ऐसे पेशेवरों की तलाश कर रहे हैं जो कई एआई एजेंट्स को एक साथ काम पर लगा सकें। इसके लिए सबसे ज्यादा मांग ऐसे इंजीनियरों की है जो सीधे ट्रेडिंग डेस्क या बैक ऑफिस जाकर इन एआई एजेंट्स के कामकाज में समन्वय स्थापित की व्यवस्था लागू करते हैं और यह तय करते हैं कि इंसानी दखल की जरूरत कब पड़ेगी। इस तरह की नौकरियों को एआई के नैतिक और सुरक्षात्मक दायरे तय करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। एजेंसी
एजेंट ऑर्केस्ट्रेशन क्या है
इसे ऐसे समझ सकते हैं कि लोन की मंजूरी या ट्रेडिंग डेस्क पर एक एजेंट डाटा की जांच करता है, दूसरा कानूनी दस्तावेजों और तीसरा नियामक नियमों की पड़ताल करता है। बैंक ऐसे पेशेवर तलाश रहे हैं जो इन सारे एजेंट्स को एक साथ नियंत्रित कर सके, ताकि एजेंट आपस में मिलकर पूरी बैंकिंग प्रक्रिया को अंजाम दे सकें और मैनेजर को फाइनल रिपोर्ट भेजें।
बंपर सैलरी पैकेज का मिल रहा ऑफर
ड्रॉप के आंकड़ों के मुताबिक, जेनरेटिव एआई मैनेजर्स को लगभग 190,000 डॉलर यानी करीब 1.80 करोड़ रुपये की सालाना औसत सैलरी मिल रही है, जिसमें बोनस और स्टॉक इंसेंटिव्स का फायदा अलग से ऑफर किया जा रहा है। पहले उन डाटा साइंटिस्ट्स की मांग होती थी जो नए एआई मॉडल बनाते थे।
- जेपी मॉर्गन चेस, सिटीग्रुप और कैपिटल वन जैसे दिग्गज बैंकों में एआई से जुड़े पदों के लिए कुल विज्ञापनों की संख्या बढ़कर 1,39,819 तक पहुंच चुकी है।
- एआई मॉडल को ट्रेन करने से जुड़े 8,400 विज्ञापनों के मुकाबले एआई गवर्नेंस, सुरक्षा और ऑडिटिंग से जुड़े पदों की संख्या दोगुनी यानी 16,000 से अधिक हो चुकी है।
किन तकनीकी स्किल्स में आया बड़ा उछाल
| तकनीकी कौशल |
मुख्य कार्य |
मांग में उछाल |
| एजेंट ऑर्केस्ट्रेशन |
एआई एजेंट्स को एक साथ काम पर लगाना |
+1,721% |
| लैंगग्राफ |
जटिल व कई चरणों वाले वर्कफ्लो तैयार करना |
+679% |
| रिस्पॉन्सिबल एआई |
एआई सिस्टम के लिए सुरक्षा दायरे तय करना |
+657% |
| एआई गवर्नेस |
मॉडल की निगरानी व कानूनी अनुपालन सुनिश्चित करना |
+394% |
| रिस्क मैनेजमेंट |
साइबर सुरक्षा और वित्तीय जोखिमों का नियंत्रण |
+359% |
| लामा-इंडेक्स |
एआई को बैंक के आंतरिक डाटाबेस से जोड़ना |
+291% |