अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वेनेजुएला में घुसकर सैन्य कार्रवाई और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार करने के आर्मी ऑपरेशन की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक दिन पहले (शनिवार, 03 जनवरी) जहां उन्होंने इसे यूएस आर्मी का सबसे शानदार ऑपरेशन बताया। अब राष्ट्रपति ट्रंप वेनेजुएला पर कार्रवाई करके अपने ही घर यानी देश में आलोचना के शिकार हो रहे हैं।
कई भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने वेनेजुएला में देश की सेना भेजने और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के डोनाल्ड ट्रंप के फैसले की कड़ी आलोचना की है। सांसदों ने साफ कहा कि ट्रंप ने कांग्रेस (संसद) की अनुमति के बिना सैन्य बल का इस्तेमाल कर राष्ट्रपति शक्तियों का दुरुपयोग किया है। ट्रंप का यह कदम अमेरिका को एक और अंतहीन युद्ध में धकेलने का प्रयास है।
'ट्रंप राष्ट्रपति शक्ति का दुरुपयोग कर रहे'
हाउस परमानेंट सेलेक्ट कमेटी ऑन इंटेलिजेंस के वरिष्ठ सदस्य और डेमोक्रेट सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि हालांकि मादुरो एक तानाशाह हैं, जिन्होंने वेनेजुएला के लोगों को बहुत दुख दिया है, लेकिन इससे किसी भी राष्ट्रपति को कांग्रेस (संसद) की अनुमति के बिना सैन्य बल का प्रयोग करने का खुला अधिकार नहीं देती है। कृष्णमूर्ति ने कहा, 'संसद की अनुमति के बिना कार्य करके और सार्वजनिक रूप से एक अन्य संप्रभु राष्ट्र पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा करके ट्रंप राष्ट्रपति शक्ति का दुरुपयोग कर रहे हैं।'
उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन को अमेरिकी कर्मियों की सुरक्षा के बारे में तुरंत जवाब देना होगा, यह खुलासा करना होगा कि क्या कोई हताहत हुआ है, और कांग्रेस को पूरी और तत्काल जानकारी देनी होगी। उन्होंने आगे कहा कि न तो अमेरिकी जनता और न ही कांग्रेस ने इस कदम को मंजूरी दी है।
'देश के भीतर रोजगार, महंगाई जैसी समस्याएं'
एक अन्य एक अन्य डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना ने कहा कि ट्रंप ने वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन लाने के लिए मनचाहा युद्ध शुरू करके अपने एमएजीए (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) समर्थकों के साथ विश्वासघात किया है। खन्ना ने आगे कहा, 'अगर (चीनी राष्ट्रपति) शी जिनपिंग ताइवान के (राष्ट्रपति लाई चिंग-ते) लाई को पकड़ना चाहें या (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन यूक्रेन में (राष्ट्रपति) वलोडिमिर जेलेंस्की को पकड़ने की कोशिश करें तो हम अब क्या कहेंगे?' उन्होंने कहा कि अमेरिका बार-बार विदेशी युद्धों में उलझता रहा है, जबकि देश के भीतर रोजगार, महंगाई और जीवन यापन की समस्याएं अनदेखी रह जाती हैं।
ये भी पढ़ें: Venezuela: फुएर्ते तिउना सैन्य बेस की सैटेलाइट तस्वीरें आईं सामने; यहीं से पकड़े गए निकोलस मादुरो
ट्रंप की कार्रवाई अवैध और असांविधानिक: प्रमिला जयपाल
डेमोक्रेट सांसद प्रमिला जयपाल ने इस घटनाक्रम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि ट्रंप अमेरिका को सही ढंग से नहीं चला पा रहे, लेकिन अब वेनेजुएला चलाना चाहते हैं।उन्होंने इस कार्रवाई को अवैध और असांविधानिक बताया। अपने बयान में प्रमिला ने कहा कि युद्ध को अधिकृत करने का अधिकार केवल संसद के पास है। उन्होंने कहा कि मादुरो का एक तानाशाह होना ट्रंप और उनके प्रशासन को वेनेजुएला पर आक्रमण करने, आधी रात को उनका अपहरण करने और सत्ता परिवर्तन को मजबूर करने का अधिकार नहीं देता है।
ये भी पढ़ें: US: व्हाइट हाउस ने जारी किया मादुरो का पुराना वीडियो, ट्रंप को दी थी 'आकर पकड़ लेने' की चुनौती
अमेरिका एक और लंबे संघर्ष में फंसा सकता है: अमी बेरा
ऐसे ही अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति और खुफिया मामलों की स्थायी चयन समिति के वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्य, अमेरिकी प्रतिनिधि अमी बेरा ने कहा कि कांग्रेस की सहमति, समर्थन या प्राधिकरण के बिना सैन्य हमले शुरू करने का निर्णय बेहद चिंताजनक और अवैध है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि बिना किसी स्पष्ट योजना के यह कदम अमेरिका को एक और लंबे संघर्ष में फंसा सकता है।
अन्य वीडियो