डोनाल्ड ट्रंप और जोहरान ममदानी
- फोटो : अमर उजाला
न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने ओवल ऑफिस में शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। मेयर चुनाव के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी। इस मुलाकात के दौरान एक दिलचस्प वाक्या हुआ। दरअसल एक रिपोर्टर ने राष्ट्रपति ट्रंप के सामने ही ममदानी से सवाल किया कि क्या आप ट्रंप को तानाशाह मानते हैं? इस पर ममदानी ने जैसे ही बोलना शुरू किया, तभी ट्रंप ने उन्हें बीच में ही टोकते हुए कहा कि वे हां कह सकते हैं, समझाने की जरूरत नहीं है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे खूब देखा जा रहा है।
क्या हुआ ओवल ऑफिस में
न्यूयॉर्क चुनाव के दौरान जोहरान ममदानी ने अपनी रैलियों में डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला और उन्हें फासीवादी और तानाशाह करार दिया। अब जब जोहरान ममदानी मेयर चुनाव जीतने के बाद पहली बार ट्रंप से मिलने ओवल ऑफिस पहुंचे तो एक रिपोर्टर ने ममदानी से सवाल किया कि क्या वे अब भी ट्रंप को तानाशाही मानते हैं? इसके जवाब में जैसे ही ममदानी ने बोलना शुरू किया, तभी ट्रंप ने उन्हें बीच में टोकते हुए कहा कि 'ठीक है, आप हां कह सकते हैं। समझाने से ज्यादा ये आसान रहेगा। मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है।'
ट्रंप और ममदानी ने एक दूसरे की तारीफ की
डोनाल्ड ट्रंप, जो न्यूयॉर्क शहर से ही ताल्लुक रखते हैं, उन्होंने ममदानी को मेयर चुनाव में जीत पर बधाई दी। हालांकि चुनाव के दौरान ट्रंप ने ममदानी का विरोध किया था। ट्रंप ने ममदानी को वामपंथी बताया था। हालांकि अब ओवल ऑफिस में मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा कि 'हम दोनों के बीच मुलाकात अच्छी रही। हमारे बीच एक बात समान है कि हम दोनों ही चाहते हैं कि ये शहर अच्छा करे। मैं ममदानी को बधाई देता हूं और घरों की समस्या और खाद्य कीमतों के मुद्दे पर हम दोनों सहमत हैं।'
ये भी पढ़ें-
US: रिपब्लिकन सांसद मार्जोरी टेलर ग्रीन का कांग्रेस से इस्तीफे का एलान, ट्रंप की नीतियों से हैं नाराज
ट्रंप ने अपने पूर्व के बयानों के उलट ममदानी की खूब तारीफ की और कहा कि 'उन्हें उम्मीद है कि ममदानी एक अच्छे मेयर साबित होंगे। ट्रंप ने कहा कि वे जितना अच्छा करेंगे, उन्हें उतनी ही खुशी होगी।' ममदानी ने भी राष्ट्रपति ट्रंप को सराहा। ममदानी ने कहा कि 'मैं एक बात की तारीफ करता हूं कि राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बैठक में उन मुद्दों पर फोकस नहीं किया, जिन पर हमारे मतभेद हैं, बल्कि उन्होंने उन बातों पर ध्यान दिया, जहां हम सहयोग कर सकते हैं और न्यूयॉर्क के लोगों की सेवा कर सकते हैं।'