तीन नवंबर को होने वाले मतदान से पहले नहीं आ सकता कोरोना का टीका: ट्रंप
बहस के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने महामारी को कम करने के साथ-साथ इसे हराने के लिए अपनी भूमिका पर प्रकाश डाला। ट्रंप ने घोषणा की कि यह संभावना नहीं है कि तीन नवंबर को होने वाले चुनाव से पहले कोविड-19 का टीका उपलब्ध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इसे संभवत: सेना द्वारा वितरित किया जाएगा। हालांकि उन्होंने कहा कि हम बहुत जल्द वायरस की वैक्सीन लेकर आ रहे हैं। व्यक्तिगत अनुभव से बताना चाहूंगा कि मैंने वो लिया है। मैं अस्पताल में था। मैं बहुत तेजी से बेहतर हुआ और अब वे कह रहे हैं कि मैं इम्युन हूं। अधिक से अधिक लोग बेहतर हो रहे हैं।
ट्रंप ने बिडेन से कहा- मैंने चुनाव लड़ा क्योंकि तुमने बुरा काम किया था
डोनाल्ड ट्रंप ने बिडेन से कहा, 'मैंने आपकी वजह से चुनाव लड़ा। मैंने इसलिए चुनाव लड़ा क्योंकि आपने बुरा काम किया था। अगर आपने अच्छा काम किया होता, तो मैं राष्ट्रपति पद के लिए कभी चुनाव नहीं लड़ता।' इसका जवाब देते हुए बिडेन ने कहा, 'हमारी प्रतिष्ठा मतपत्र में है। हमें करीब से देखिए।'
सीमा पर बच्चों का अलग होना
डोनाल्ड ट्रंप और जो बिडेन ने कल सामने आई एक रिपोर्ट पर चर्चा की, जिसमें दावा किया गया है कि अमेरिकी-मैक्सिको सीमा पर अलग हुए 545 बच्चों के माता-पिता नहीं मिले हैं। चुनाव संबंधी बहसों में इमिग्रेशन की चर्चा पहले कभी नहीं हुई। ट्रंप से जब पूछा गया कि बच्चों को उनके माता-पिता से मिलाने की क्या योजना है, तो उन्होंने कहा, 'हम इस पर काम कर रहे हैं। हम बहुत कोशिश कर रहे हैं।' ट्रंप ने दावा किया कि बच्चों ने कार्टेल या कोयटॉय में सीमा पार की थी। इसपर बिडेन ने कहा कि बच्चे माता-पिता के साथ आए थे और सीमा पर अलग हो गए।
ट्रंप ने पैलोसी को ठहराया जिम्मेदार
एनबीसी न्यूज संवाददाता क्रिस्टन वेलकर ने अर्थव्यवस्था विषय को चर्चा के लिए रखा। उन्होंने कहा कि 12 मिलियन लोगों के पास काम नहीं हैं और आठ मिलियन गरीब हो गए हैं। सबसे ज्यादा महिलाएं इससे प्रभावित हुई हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से पूछा कि इसपर आपकी क्या योजना है। इसके जवाब में ट्रंप ने एक प्रस्ताव को पारित करने में विफल रहने के लिए नैंसी पेलोसी को दोषी ठहराया। राष्ट्रपति के दावे से इतर एनवाईटी फैक्ट चेक ने दावा किया कि सीनेट रिपब्लिकन कि वजह से यह प्रस्ताव रुका हुआ है।
बिडेन बोले- स्वास्थ्य सेवा विशेषाधिकार नहीं, बल्कि अधिकार है
स्वास्थ्य सेवा पर ट्रंप ने कहा, 'हमने स्वास्थ्य सेवा पर एक अविश्वसनीय काम किया है, और हम इसे और भी बेहतर करेंगे।' एनवाईटी ने कहा, 'ट्रंप और रिपब्लिकन बार-बार कहते हैं कि उनके पास स्वास्थ्य देखभाल के लिए एक वैकल्पिक योजना है, लेकिन उन्होंने कभी यह नहीं बताया कि वह क्या है।' इसी बीच बिडेन कहते हैं, 'मैं सार्वजनिक विकल्प के साथ ओबामाकेयर पास करूंगा। दूसरा, हम प्रीमियम और दवा की कीमतें कम करेंगे। मैं निजी बीमा का समर्थन करता हूं।' सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को लेकर जारी चिंताओं के बारे में बिडेन ने कहा, 'स्वास्थ्य सेवा विशेषाधिकार नहीं है, यह एक अधिकार है। यह लोगों की जान बचाएगा, लोगों को एक अवसर देगा।'
यूक्रेन लिंक पर बिडेन बोले- मैंने अपना काम ठीक तरह से किया
जो बिडेन ने अपने कथित यूक्रेन संबंधों का जवाब देते हुए कहा, मैंने अपना काम अच्छी तरह से किया। मैंने अमेरिकी नीति को अंजाम दिया। एक भी चीज लाइन से बाहर नहीं थी। दूसरा, वह व्यक्ति जिसे यूक्रेन में परेशानी हुई वो (ट्रंप) थे, जिन्होंने मेरे खिलाफ बोलने के लिए किसी को वहां पहुंचाने की कोशिश की। मेरे बेटे ने कुछ नहीं किया है। बिडेन ने ट्रंप पर चीन को किए गए भुगतान को लेकर निशाना साधा।