अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन कोविड -19 पॉजिटिव पाए गए हैं। व्हाइट हाउस की ओर से गुरुवार को इस बात की पुष्टि की। प्रेस सचिव करीन जीन-पियरे के मुताबिक, बाइडन में कोरोना के बेहद मामूली लक्षण हैं। उन्होंने बीमारी की गंभीरता को कम करने के लिए एंटीवायरल दवा पैक्सलोविड लेना शुरू कर दिया है।
बाइडन ने अमेरिका के राष्ट्रपति का पद संभालने से पहले ही फाइजर की एंटी कोविड वैक्सीन की दोनों खुराक लगवा ली थीं। इसके बाद बाइडन ने सितंबर 2021 में पहली बूस्टर खुराक जबकि मार्च 2022 में टीके की एक अतिरिक्त खुराक ली थी। बाइडन से पहले उपराष्ट्रपति कमला हैरिस समेत व्हाइट हाउस के कई अधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कराइन जीन-पियरे ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनको अभी हल्के लक्षण हैं। साथ ही कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को टीके की सभी खुराकें लगाई गई हैं।
इससे पहले बाइडेन ने एक भाषण में दावा किया कि उन्हें कैंसर है। इसका वीडियो जब वायरल हुआ, तो लोग चौंक गए। इसके बाद व्हाइट हाउस ने सफाई दी कि राष्ट्रपति पिछले दिनों की बात कर रहे थे। पद संभालने से पहले उन्हें मेलेनोमा त्वचा कैंसर हुआ था, जिसका निदान हो चुका है। बाइडेन मैसाचुसैट्स के समरसेट में एक पूर्व कोयला खदान संयंत्र के दौरे पर भाषण दे रहे थे।
बाइडेन अक्सर अपने भाषणों में गलतियां करते रहे हैं। कुछ दिनों पहले वह टीवी पर भाषण दे रहे थे। टेलीप्रॉम्टर देख बोलते हुए उन्होंने गलती से उस पर दिए निर्देश को भी भाषण का हिस्सा समझकर पढ़ दिया। ट्विटर पर साझा वीडियो में वे यह कहते सुनाई दिए- एंड ऑफ कोट, रिपीट द लाइन।