अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें अपने भाषण के दौरान एक ऐसी बात कहते हुए सुना जा सकता है कि जिसके बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। शनिवार को वाशिंगटन डीसी में नेशनल एजुकेशन एसोसिएशन मुख्यालय में शिक्षकों को संबोधित करने के दौरान बाइडन ने भीड़ में बैठी एक महिला को पहचान लिया तभी अचानक अपने भाषण को रोकते हुए उन्होंने कहा कि बहुत पुरानी बात है, वो 12 की थी और मैं 30 का था।
जो बाइडन ने महिला को पहचानते हुए कहा कि तुम मुझे यहां हाय (Hi) बोलने के लिए आई हो। इसके बाद वहां मौजूद लोग जोर-जोर से हंसने लगे। आगे राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि इस महिला ने मुझे बहुत कुछ करने में मदद की। हालांकि उन्होंने ऐसा कुछ जिक्र नहीं कि यह कब की बात है। लेकिन अब सोशल मीडिया पर लोग बाइडन पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
यूजर्स ने दी अपनी प्रतिक्रियाएं
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि वह राष्ट्रपति हैं कुछ भी बोल सकते हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह सच है तो उनको शोभा नहीं देता। एक अन्य यूजर ने लिखा कि राष्ट्रपति कहना चाहते होंगे मैं 12 साल का था और टीचर 30 साल की।
पहली बार नहीं जब फिसली राष्ट्रपति बाइडन की जुबान
ऐसा पहली बार नहीं जब जो बाइडन की जुबान फिसली हो इससे पहले उन्होंने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को राष्ट्रपति हैरिस बोलकर संबोधित कर दिया था। वहीं एक बार रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष पर बोलते हुए उन्होंने यूक्रेन की जगह ईरान बोल दिया था। जो बाइडन ने कहा कि पुतिन टैंकों के साथ कीव को घेर सकते हैं लेकिन वह कभी भी ईरानी लोगों के दिलों में अपनी जगह नहीं बना पाएंगे। इसके बाद ईरानी शब्द ट्विटर पर ट्रैंड करने लगा था।