अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर कहा है कि उन्होंने दुनिया में शांति लाने के कई काम किए, जैसे भारत-पाक युद्ध रोकना, मिडिल ईस्ट में समझौते कराना, फिर भी उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को सब पता है, वही मेरे लिए काफी है। हालांकि, ये भी दिलचस्प है कि पाकिस्तान ने ट्रंप को नोबेल के लिए नामित किया है।
पाकिस्तान 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नामित करेगा। पाकिस्तान का कहना है कि भारत-पाकिस्तान जंग के दौरान ट्रंप के कूटनीतिक दखल और मध्यस्थता ने एक बड़े युद्ध को टालने में मदद की। हालांकि ट्रंप ने कहा कि मैं कितने भी युद्ध रोक लूं, कुछ भी कर लूं लेकिन मुझे नोबेल सम्मान नहीं मिलेगा।
पाकिस्तान सरकार ने शनिवार को कहा कि उसने हाल ही में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान निर्णायक कूटनीतिक हस्तक्षेप और महत्वपूर्ण नेतृत्व के लिए 2026 के नोबल शांति पुरस्कार के लिए डोनाल्ड ट्रंप के नाम की औपचारिक रूप से सिफारिश करने का फैसला किया है। यह एलान ट्रंप के व्हाइट हाउस में पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की मेजबानी के तीन दिन बाद की गई। सूत्रों का दावा है कि पाकिस्तान की ओर से नोबेल शांति पुरस्कार के लिए ट्रंप को नामित करने के वादे पर ही मुनीर को व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया गया था। ट्रंप लगातार यह दावा करते रहे हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रुकवाया। हालांकि भारत उनके दावे को सिरे से खारिज कर चुका है और कहा कि भारतीय सुरक्षा बलों के भीषण जवाबी हमले के कारण पाकिस्तान को जंग रोकने के लिए गुहार लगानी पड़ी।
पाकिस्तान ने कहा, ट्रंप ने दो परमाणु संपन्न देशों के बीच व्यापक संघर्ष को टाला
कश्मीर मुद्दे पर ट्रंप की पेशकश को भी स्वीकारा
पाकिस्तान ने कश्मीर मुद्दे को हल करने में मदद करने के लिए ट्रंप की गंभीर पेशकश को भी स्वीकार किया। पाकिस्तान ने पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान-भारत संकट के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व व्यावहारिक कूटनीति और प्रभावी शांति-निर्माण की उनकी विरासत की निरंतरता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। इसमें कहा गया कि पाकिस्तान को उम्मीद है कि ट्रंप के ईमानदार प्रयास क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता में योगदान देते रहेंगे, खासकर पश्चिम एशिया में जारी संकटों के संदर्भ में जिसमें गाजा में हो रही मानवीय त्रासदी और ईरान से जुड़ी बिगड़ती स्थिति शामिल है।
मुझे अब तक 4-5 बार नोबेल पुरस्कार मिल जाना चाहिए था: ट्रंप
नोबेल शांति पुरस्कार के लिए ऐसे होता है नामांकन
नोबेल शांति पुरस्कार के लिए कोई भी व्यक्ति किसी को नामित नहीं कर सकता है। किसी देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सांसद, अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के न्यायाधीश, नोबेल शांति पुरस्कार के पूर्व विजेता, यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर, नोबेल समिति के मौजूदा व पूर्व सदस्य, कुछ विशेष संगठनों-संस्थाओं के प्रमुख किसी व्यक्ति या संगठन-संस्था को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित कर सकते हैं। इस पुरस्कार के लिए पंजीकरण सितंबर में शुरू होगा। इसकी आखिरी तारीख का अभी एलान नहीं किया गया है। 2025 के नोबल शांति पुरस्कार के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 31 जनवरी थी।
ये भी पढ़ें:- Voice of America: बंद होने के कगार पर 83 साल पुराना अमेरिकी न्यूज चैनल, ट्रंप प्रशासन ने 639 पत्रकारों को निकाला
ईरान के मुद्दे पर ट्रंप ने अपनी ही खुफिया एजेंसी को बताया गलत
वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के परमाणु हथियार को लेकर उनकी खुफिया एजेंसी की जानकारी गलत है। पत्रकारों ने ट्रंप से इस पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि तो मेरी खुफिया एजेंसी गलत है। जब बताया गया कि ये बात तुलसी गबार्ड ने कही है, तो ट्रंप ने साफ कहा, वो गलत हैं। बता दें कि अमेरिका की खुफिया एजेंसी की प्रमुख तुलसी गबार्ड ने मार्च में संसद में बताया था कि अमेरिका की एजेंसियों के मुताबिक ईरान ने अब तक परमाणु बम बनाने का कोई फैसला नहीं किया है। बता दें कि हाल ही में ट्रंप के साथ लंच करने व्हाइट हाउस गए पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने भी ट्रंप को नोबेल दिए जाने का समर्थन किया था। इसी बीच पाकिस्तान ने औपचारिक रूप से भी ट्रंप को नामित कर दिया है, ऐसी खबरें सामने आई हैं।