अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी जनसैलाब वाली रैलियों को लेकर अपने प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन का मजाक उड़ाया कि वह इस तरह की रैलियां नहीं कर रहे हैं। ट्रंप की रैलियों में लोग न मास्क पहन रहे हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन कर रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी रैलियां कोरोना वायरस सुपर स्प्रेडर साबित हो सकती हैं।
ट्रंप ने शनिवार को (स्थानीय समयानुसार) नेवादा में आयोजिक एक एयरपोर्ट रैली में कहा, 'वह (बिडेन) राष्ट्रपति पद के लिए इतिहास के सबसे खराब प्रत्याशी हैं। उन्हें पता नहीं है कि वह जीवित हैं।' कोरोना वायरस महामारी के नियंत्रण को लेकर आलोचना का शिकार रहे ट्रंप ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझसे कहा है कि मैंने कोरोना जांच के क्षेत्र में बहुत अच्छा काम किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, हमारे पास दुनिया का सर्वश्रेष्ठ जांच कार्यक्रम है। हमने भारत से ज्यादा लोगों की जांच की है। कई देशों को मिला दें तो उनसे भी ज्यादा जांच हमने की है। ट्रंप ने दावा किया, 'प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे फोन किया और कहा कि जांच को लेकर तुमने शानदार काम किया है।' बता दें कि कोरोना के चलते अमेरिका में पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
ट्रंप की टीम को इस चुनाव में नेवादा के महत्व का अनुमान है। ऐसे ही कुछ महत्वपूर्ण राज्यों में ट्रंप और उनके प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन के बीच कड़ा मुकाबला है। साल 2016 में यहां से हिलेरी क्लिंटन ने ट्रंप को हराया था। इस बार ट्रंप के अभियान की ओर से यहां जीत के लिए जमीनी स्तर पर जोर लगाया जा रहा है जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से ऑनलाइन अभियान ही चलाए जा रहे हैं।
नेवादा में जीत के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद के लिए इस साल के अंत में होने वाले चुनाव में नई राहों के जरिए जीत की कहानी फिर गढ़ना चाहते हैं। इस सप्ताहांत उनका पूरा ध्यान नेवादा राज्य पर है जहां से 2004 के बाद से किसी रिपब्लिकन उम्मीदवार को समर्थन नहीं मिला है।
कोरोना वायरस के मद्देनजर स्थानीय अधिकारियों की चेतावनियों को अनसुना करते हुए ट्रंप शनिवार और रविवार को यहां सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। इससे पहले अधिकारियों ने रेनो और लास वेगास में ऐसे आयोजन की उनकी योजनाओं पर रोक लगा दी थी क्योंकि कार्यक्रमों में कोरोना वायरस संबंधी स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों का उल्लंघन होता।