अमेरिका में इस साल नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव टल सकते हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि डाक से वोट (Postal Voting) से धोखाधड़ी और गलत परिणाम आने की आशंका बढ़ जाएगी इसलिए चुनाव तब तक स्थगित कर दिए जाने चाहिए जब तक लोग उचित और सुरक्षित तरीके से वोट करने में सक्षम न हो जाएं।
ट्रंप ने इसे लेकर एक ट्वीट में लिखा, 'वैश्विक पोस्टल वोटिंग (न कि अनुपस्थित मतदान, जो कि अच्छा है) से 2020 का चुनाव इतिहास का सबसे ज्यादा गलत और धोखाझड़ी वाला होगा। यह अमेरिका के लिए बहुत शर्मनाक होगा। ट्रंप ने लोगों के सुरक्षित और उचित तरीके से मतदान करने में सक्षम हो जाने के बाद चुनाव आयोजित कराने का सुझाव दिया।
कोरोना वायरस के कहर के बावजूद क्यों नहीं टल सकता अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव?
अमेरिका के राज्य कोरोना वायरस महामारी के चलते जन स्वास्थ्य को देखते हुए पोस्टल वोटिंग को आसान बनाना चाहते हैं। इस महीने की शुरुआत में छह राज्य कैलिफोर्निया, उटा, हवाई, कोलोराडो, ओरेगॉन और वाशिंगटन डाक से चुनाव कराने की योजना बना रहे थे। ये राज्य सभी पंजीकृत मतदाताओं को पोस्टल बैलट भेजेंगे, जिसे चुनाव के दिन वापस भेजना होगा।
अमेरिका में नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव टालने की संभावना से ट्रंप ने किया इनकार
कोरोना वायरस से दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में इसी साल नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं, इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि कोरोना संकट को देखते हुए चुनाव टल सकता है। लेकिन, इससे पहले खुद ट्रंप तीन नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को कोरोना वायरस संकट के कारण टाले जाने की किसी भी संभावना से इनकार कर चुके हैं। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा था कि मैंने चुनाव की तारीख टालने के बारे में कभी नहीं सोचा। मैं ऐसा क्यों करूंगा? तीन नवंबर अच्छी तारीख है।
बाइडेन ने कहा था, ट्रंप करेंगे चुनाव टालने की कोशिश
उनके प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन ने पहले ही अंदेशा जताया था कि ट्रंप चुनाव में देरी करवाने की कोशिश कर सकते हैं। बाइडेन ने अप्रैल में कहा था, 'मेरे शब्दों को लिख लीजिए, मुझे लगता है कि वह (डोनाल्ड ट्रंप) किसी तरह से चुनाव में देरी करवा की कोशिश करने जा रहे हैं। कुछ ऐसे तर्क दीजिए कि इसे क्यों नहीं करवाया जा सकता।'
चुनाव टलने की संभावना नहीं के बराबर
हालांकि, ट्रंप के इस सुझाव को माने जाने की संभावना नहीं के बराबर है। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव की तारीख कानून द्वारा तय की जाती है और इसे बदलने के लिए कांग्रेस के दोनों सदनों को इसके पक्ष में मतदान करना होता है। वहीं, जो बाइडेन चुनाव टालने के पक्ष में कतई नहीं हैं। ऐसे में एक पार्टी का चुनाव स्थगित करने के पक्ष में होना और दूसरी का खिलाफ होना, यही कहता है कि चुनाव समय पर ही होंगे।