अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन
- फोटो : PTI
अमेरिका के राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद जो बाइडन ने मंगलवार को पहली बार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है। बातचीत के दौरान बाइडन ने विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की गिरफ्तारी, साइबर जासूसी में रूस की संलिप्तता और अफगानिस्तान में अमेरिकी सैनिकों की हत्या पर इनाम घोषित किए जाने पर चिंता व्यक्त की।
व्हाइट हाउस की ओर से बताया गया कि 'अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ बात की। उन्होंने यूक्रेन की संप्रभुता के लिए अमेरिका के दृढ़ समर्थन की पुष्टि की और अन्य मामलों को उठाया। अन्य मुद्दों में सोलरविन्ड्स हैक, अफगानिस्तान में अमेरिकी सैनिकों की हत्या पर रूस द्वारा इनाम रखने की रिपोर्ट, 2020 के अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप शामिल हैं।
बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने स्पष्ट किया कि अमेरिका अपने लिए या अपने सहयोगियों को रूस द्वारा नुकसान पहुंचाने वाली कार्रवाई के जवाब में अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा में मजबूती से काम करेगा। इसके साथ ही दोनों राष्ट्रपतियों ने पारदर्शी और सुसंगत संचार को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
बाइडन ने रूसी राष्ट्रपति से कहा कि दोनों देशों को अगले महीने की शुरुआत में खत्म हो रही हथियार नियंत्रण संधि के पांच साल के विस्तार को अंतिम रूप दे देना चाहिए।अधिकारियों के मुताबिक रूस ने ही पिछले हफ्ते बाइडन से बात करने का अनुरोध किया था और अमेरिकी राष्ट्रपति ने उस पर सहमति भी व्यक्त की थी, लेकिन पुतिन से बातचीत से पहले बाइडन अपने स्टाफ के अलावा ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी समेत यूरोपीय सहयोगियों से बात करना चाहते थे। मंगलवार को भी पुतिन से बात करने से पहले उन्होंने नाटो के सेक्रेट्री जनरल जेंस स्टोलटेंबर्ग से बात की थी।
न्यूक्लियर समझौते का विस्तार
न्यू स्टार्ट न्यूक्लियर समझौते
के विस्तार के लिए रूस और अमेरिका ने मंगलवार को दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। आने वाले दिनों में अब दोनों पक्ष जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करेंगे। रूसी सांसदों का कहना है कि समझौते के विस्तार के लिए वे इसी हफ्ते जरूरी औपचारिकताओं को पूरा कर लेंगे।