Joe Biden Presidential Campaign: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बाइडन और उनके सहयोगियों ने मंगलवार को वीडियो जारी करने का फैसला किया है, 2020 में भी उन्होंने इसी तरह अपने चुनाव अभियान की शुरूआत की थी। योजनाओं के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चुनाव अभियान पर विचार-विमर्श किया गया है हालांकि आधिकारिक घोषणा में देरी हो सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन और उनकी टीम अगले सप्ताह एक बार फिर अपने चुनाव अभियान की घोषणा करने की तैयारी कर रही है। 'द वाशिंगटन पोस्ट' की खबर के अनुसार राष्ट्रपति के सहयोगी आधिकारिक तौर पर अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए बाइडन का एक वीडियो जारी करने की योजना को अंतिम रूप दे रहे हैं।
विज्ञापन
आने वाले मंगलवार को चुनाव अभियान से जुड़ा वीडियो हो सकता है जारी
द वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार बाइडन और उनके सहयोगियों ने मंगलवार को वीडियो जारी करने का फैसला किया है, 2020 में भी उन्होंने इसी तरह अपने चुनाव अभियान की शुरूआत की थी। योजनाओं के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चुनाव अभियान पर विचार-विमर्श किया गया है हालांकि उन्होंने यह भी बताया है कि आधिकारिक घोषणा में देरी हो सकती है।
बाइडन दोबारा चुनाव लड़ने के दे चुके हैं संकेत
बाइडन महीनों से संकेत दे रहे हैं कि वह दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं। लेकिन उन्होंने आधिकारिक घोषणा को टाल कर रखा है। क्योंकि अब तक उन्हें और उनके सहयोगियों को चुनाव अभियान शुरू करने की कोई आवश्यकता महसूस नहीं हुई है। खासकर डेमोक्रेटिक पार्टी मध्यावधि चुनावों में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन के बाद और अधिक निश्चिंत हो गई है। राष्ट्रपति के शीर्ष सहयोगी व्हाइट हाउस में पिछले साल से ही राष्ट्रपति और प्रथम महिला के साथ नियमित बैठकें करते हुए चुनाव अभियान की व्यापक तैयारी कर रहे हैं।
विज्ञापन
बाइडन और हैरिस ने टैक्स रिटर्न के आंकड़े जारी किए
बता दें कि एक दिन पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की ओर से 2022 में टैक्स रिटर्न के आंकड़े सार्वजनिक किए गए। इसके मुताबिक, 2022 में अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी जिल बाइडन की साझा कमाई 5 लाख 80 हजार डॉलर (4 करोड़ 76 लाख रुपये) रही, जो कि 2021 की 6 लाख 10 हजार 702 डॉलर (करीब 5 करोड़ रुपये) के मुकाबले कम रही। दोनों ने इस कमाई पर 23.8 फीसदी की दर से 1 लाख 37 हजार 658 डॉलर (करीब 1.13 करोड़ रुपये) टैक्स भरा। इतना ही नहीं उनकी कमाई का 3.5 फीसदी 20 चैरिटी को दान देने में भी इस्तेमाल हुआ।