अमेरिका के लेबर सेक्रेटरी लोरी चावेज़-डीरेमर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। उन पर पद के दुरुपयोग, एक अधीनस्थ के साथ संबंध और काम पर शराब पीने जैसे कई आरोप लगे थे।
अमेरिका की राजनीति में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट की सदस्य लोरी शावेज-डीरेमर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। व्हाइट हाउस की ओर से सोमवार को इसकी पुष्टि की गई।
विज्ञापन
लोरी चावेज-डीरेमर पर अपने पद के दुरुपयोग से जुड़े कई आरोप लगे थे। इनमें एक अधीनस्थ के साथ संबंध और ड्यूटी के दौरान शराब पीने जैसे आरोप शामिल हैं। हालांकि शुरुआत में इन आरोपों को खारिज किया गया था, लेकिन समय के साथ मामले ने तूल पकड़ लिया।
नए कार्यवाहक की नियुक्ति
व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने जानकारी दी कि लोरी चावेज-डीरेमर अब प्रशासन छोड़कर निजी क्षेत्र में नई जिम्मेदारी संभालेंगी। उनके पद छोड़ने के बाद डिप्टी लेबर सेक्रेटरी कीथ सोंडरलिंग को कार्यवाहक लेबर सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है, जो फिलहाल इस पद की जिम्मेदारियां संभालेंगे।
अन्य अधिकारियों पर भी गिरी गाज
जांच आगे बढ़ने के साथ श्रम विभाग के कई अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। अब तक कम से कम चार अधिकारियों को पद छोड़ना पड़ा है। इनमें चावेज-डीरेमर के पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ और उनकी सुरक्षा टीम का एक सदस्य शामिल है, जिनके साथ उनके संबंधों के आरोप लगे थे। इस बीच, सीनेटर जॉन केनेडी ने उनके इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा मुझे लगता है कि सचिव ने इस्तीफा देने में समझदारी दिखाई है।
पहले भी हो चुके हैं इस्तीफे
यह ट्रंप कैबिनेट में हाल के समय में तीसरा बड़ा बदलाव है। इससे पहले भी दो वरिष्ठ अधिकारियों को पद से हटाया जा चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान कई तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जिनकी जांच चल रही थी। इस दौरान कुछ अन्य अधिकारियों को भी पद छोड़ना पड़ा।