अमेरिका ने सऊदी अरब को 3.5 अरब डॉलर की एयर-टू-एयर मिसाइलें बेचने की मंजूरी दी है। यह सौदा ट्रंप की आगामी सऊदी यात्रा से पहले हुआ है। डील में 1,000 AIM-120C-8 मिसाइलें शामिल हैं। हालांकि मामला अभी अमेरिकी कांग्रेस के पास जाएगा, जहां इसपर विचार किया जाएगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस महीने सऊदी अरब की प्रस्तावित यात्रा करने वाले है। ट्रंप की इस यात्रा से पहले ही अमेरिका ने सऊदी अरब के साथ अपने संबंधों को लेकर अपना रुख साफ करते हुए सऊदी अरब को 3.5 अरब डॉलर (करीब 29 हजार करोड़ रुपये) की एयर-टू-एयर मिसाइलें बेचने की शुरुआती मंजूरी दे दी है। माना जा रहा है कि अमेरिका द्वारा सऊदी अरब को एयर-टू-एयर मिसाइलें बेचने की मंजूरी ट्रंप की सऊदी यात्रा के दौरान घोषित होने वाले कई समझौतों में से एक हो सकता है।
बता दें कि इस सौदे के तहत सऊदी अरब को 1,000 AIM-120C-8 एडवांस्ड एयर-टू-एयर मिसाइलें, उनके गाइडेंस सिस्टम और तकनीकी सपोर्ट मिलेगा। ये मिसाइलें अमेरिका की कंपनी RTX Corp, टक्सन (एरिज़ोना) में बनाएगी। सऊदी रॉयल एयरफोर्स के पास अमेरिका के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा F-15 लड़ाकू विमान बेड़ा है। हालांकि ट्रंप प्रशासन के मंजूरी के बाद अब यह प्रस्ताव अमेरिकी कांग्रेस के पास जाएगा, जहां सांसद इस पर चर्चा करेंगे और चाहें तो इसे रोक भी सकते हैं।
ट्रंप के सऊदी से रिश्ते
राष्ट्रपति रहते हुए भी और बाद में भी ट्रंप के खाड़ी देशों से नजदीकी रिश्ते रहे हैं। उनकी रियल एस्टेट कंपनी ने भी इस क्षेत्र में सौदे किए हैं। 2017 में ट्रंप ने परंपरा तोड़ते हुए अपनी पहली विदेश यात्रा सऊदी अरब से शुरू की थी। अब 2025 में भी वे पहले सऊदी ही जा रहे हैं, जबकि वो पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार के लिए इटली जरूर गए थे।