वेनेजुएला पर अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई की और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी। इस बीच अमेरिकी नौसेना ने उत्तरी अटलांटिक में वेनेजुएला से जुड़े प्रतिबंधित तेल टैंकर पर कब्जा कर लिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को नाम न छापने की शर्त पर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उत्तरी अटलांटिक महासागर में कई हफ्तों तक पीछा करने के बाद रूस के झंडे वाले तेल टैंकर को सफलतापूर्वक जब्त कर लिया है।
अमेरिकी नाकाबंदी से की थी बचने की कोशिश
नाम न छापने की शर्त पर बात करते हुए अधिकारी ने संवेदनशील सैन्य अभियानों पर चर्चा की। अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी सेना ने पोत को जब्त कर लिया और उसका नियंत्रण कानून प्रवर्तन अधिकारियों को सौंप दिया। बता दें कि अमेरिका पिछले महीने से ही उस टैंकर का पीछा कर रहा था, जब उसने वेनेजुएला के आसपास प्रतिबंधित तेल जहाजों पर अमेरिकी नाकाबंदी से बचने की कोशिश की थी।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अमेरिकी यूरोपीय कमान ने पुष्टि की है कि अमेरिकी तटरक्षक बल के कटर मुनरो ने जहाज को जब्त करने से पहले 'अमेरिकी संघीय अदालत द्वारा जारी वारंट के तहत' उसका पीछा किया था। बता दें कि कटर मुनरो मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और खोज व बचाव जैसे मिशनों के लिए इस्तेमाल होता है।
ये भी पढ़ें: Venezuela: कभी चीन और जापान से अमीर वेनेजुएला कंगाल कैसे हो गया? पढ़िए अर्श से फर्श तक पहुंचने की पूरी कहानी
पहले 'बेला 1' फिर बना 'मारिनेरा'
सैन्य कमान ने आगे कहा कि यह जब्ती राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा का समर्थन करती है, जिसमें प्रतिबंधित जहाजों को निशाना बनाने की बात कही गई है, जो 'पश्चिमी गोलार्ध की सुरक्षा और स्थिरता को खतरा' पहुंचाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक यह टैंकर पहले ‘बेला 1’ नाम से जाना जाता था, लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर ‘मारिनेरा’ रख दिया गया और इसे रूसी झंडा के तहत चलाया जा रहा था।
अटलांटिक की ओर बचकर निकल गया था टैंकर
यह जहाज 2024 में अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित किया गया था, उस पर आरोप था कि यह लेबनानी आतंकवादी संगठन हिजबुल्ला से जुड़े एक कंपनी के लिए तेल तस्करी कर रहा था।बताया जा रहा है कि यह टैंकर पिछले महीने अमेरिका की नाकाबंदी से बचते हुए कैरीबियन सागर से निकल गया था और फिर अटलांटिक की ओर भागा। अमेरिकी यूरोपीय कमांड ने कहा कि यह कार्रवाई संयुक्त एक अमेरिकी संघीय अदालत द्वारा जारी वारंट के तहत की गई। यह जब्ती वेनेजुएला की राजधानी काराकस में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक वे देश से जुड़े प्रतिबंधित जहाजों को पकड़ने की कार्रवाई जारी रखेंगे।
ये भी पढ़ें: Venezuela: क्या वेनेजुएला में 'भितरघात' ने दिया ट्रंप का साथ, मौन रही 'मादुरो' की इंटरनल कॉर्डन, अगला निशाना 'क्यूबा'!
वेनेजुएला से जुड़े दो प्रतिबंधित तेल टैंकरों को किया जब्त
अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका ने उत्तरी अटलांटिक और कैरिबियन में लगातार कार्रवाई करते हुए वेनेजुएला से जुड़े दो प्रतिबंधित तेल टैंकरों को जब्त किया है। अमेरिकी यूरोपीय कमांड ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में 'अमेरिकी प्रतिबंधों के उल्लंघन के लिए मालवाहक जहाज बेला 1 को जब्त करने की घोषणा की। इसी के साथ होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने खुलासा किया कि अमेरिकी सेना ने कैरिबियन में टैंकर सोफिया पर भी कब्जा कर लिया है। नोएम ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों जहाज या तो आखिरी बार वेनेजुएला में डॉक किए गए थे या उसी रास्ते पर थे।
अन्य वीडियो