सेना और स्वास्थ्य और मानव सेवा मंत्रालय समेत सरकार के तकरीबन तीन चौथाई विभागों के लिये सितंबर 2019 तक के लिये धन का इंतजाम है। शनिवार तक सिर्फ 25 फीसदी विभागों के लिये धन का इंतजाम नहीं हो सका। नासा के ज्यादातर कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा जाएगा। वाणिज्य मंत्रालय, गृह सुरक्षा, न्याय, कृषि और विदेश मंत्रालय के कर्मचारियों को भी छुट्टी पर भेजा जाएगा।
राष्ट्रीय उद्यान खुले रहेंगे लेकिन ज्यादातर पार्क कर्मी घर पर रहेंगे। जहां ज्यादातर महत्वपूर्ण सुरक्षा कामकाज चालू रहेंगे, वहीं बजट को लेकर खींचतान और अनिश्चितता ने राजधानी में अराजकता की स्थिति पैदा कर दी है। शुक्रवार को अधिक खराब नुकसान के साथ वाल स्ट्रीट का एक दशक में सबसे खराब सप्ताह समाप्त हुआ। वाशिंगटन के अपने सबसे बुनियादी कार्यों में से एक प्रबंधन और सरकार चलाने को पूरा करने में असमर्थ रहने से गहरी शर्मिंदगी और चिंता पैदा हुई है।
इससे पहले संकट के लिए राजनीतिक विरोधियों को जिम्मेदार ठहराते हुए ट्रंप ने कहा, "यह डेमोक्रेट के ऊपर है कि आज रात कामकाज ठप हो या नहीं।" उन्होंने कहा, "लेकिन हम बहुत लंबे समय तक कामकाज ठप रहने की स्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।"
सीनेटरों ने संवाददाताओं को बताया कि दोनों दलों के कांग्रेस के सदस्य पर्दे के पीछे व्हाइट हाउस के अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे थे, जिसमें उपराष्ट्रपति माइक पेंस, ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर और नव नियुक्त कार्यवाहक चीफ ऑफ स्टाफ मिक मुलवेनी शामिल थे। तीनों ने सफलता पाने के लिए कैपिटल हिल में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट सांसदों के साथ कड़ी मशक्कत की, लेकिन यह शुक्रवार को नहीं हो पाया।