राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अब तक की मतगणना में 48 फीसदी (6.86 करोड़), जो बिडेन को 50.4 फीसदी वोट (7.20 करोड़) मिले हैं। ट्रंप समर्थकों की सांस नौ राज्यों के नतीजों पर टिकी है। जो बिडेन का 270 इलेक्टोरल वोट पाना करीब-करीब तय है। अभी अलास्का में 3 इलेक्टोरल वोट, एरिजोना में 11, नवादा में 6, नार्थ कैरोलिना में 15, जार्जिया में 16 और पेंसिल्वेनिया में 20 इलेक्टोरल वोट की काउंटिंग चल रही है। रिपब्लिकन को लग रहा है कि उन्हें यहां से कुछ सम्मानजनक नतीजे मिल सकते हैं।
भारतीय मूल के बिजनेसमैन श्री थानेदार को मिली जीत
भारतीय मूल के श्री थानेदार का हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव बनने का रास्ता साफ हो गया। वह मिशिगन में 93 फीसदी वोट पाकर चुनाव जीत चुके हैं। थानेदार एक वैज्ञानिक हैं। थानेदार मिशिगन में अपनी धमक रखते हैं। राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले श्री थानेदार इससे पहले गवर्नर पद का चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि इसमें उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था।
ट्रंप की टीम कानूनी दांव-पेंच की रणनीति में जुटी
राष्ट्रपति ट्रंप की टीम कानूनी दांव-पेच का सहारा लेने में जुटी है। वह उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर करके इन राज्यों में मतगणना में धांधली का आरोप लगाकर इसे रुकवाने पर विचार कर रही है। टीम ट्रंप का मानना है कि नवादा, मिशिगन, पेंसिल्वेनिया, विस्कॉन्सिन में डेमोक्रेट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। यहां मतगणना में घपला हो रहा है। इसके बाबत कुछ राज्यों में मतगणना का काम रुकवाने के लिए याचिका दायर हो चुकी है और कुछ राज्यों में मतगणना रुकवाने पर विचार किया जा रहा है।
ट्रंप टीम ने न्यायालय की शरण ली, व्यवधान आया तो हिंसा की पूरी संभावना
अमेरिका की राजनीति पर नजर गड़ाए पूर्व राजनयिकों, वर्तमान विशेषज्ञों का मानना है कि टीम ट्रंप के अदालत की शरण लेकर चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान डालने के प्रयास अमेरिका हिंसक प्रदर्शनों की चपेट में आ सकता है। हिंसा और प्रदर्शन को ध्यान में रखकर लोगों ने अपने स्तर और प्रशासन ने स्तर पर उच्च स्तर की सतर्कता बरत रखी है। व्हाइट हाउस को स्टील की बैरिकेडिंग से घेर दिया गया है। सुरक्षा बल तैनात हैं, लेकिन लोगों को इस स्थिति के विस्फोटक स्तर पर पहुंच जाने की आशंका सताने लगी है। माना जा रहा है कि ऐसा हुआ तो अमेरिका को इस स्थिति से निबटने के लिए सेना, होमलैंड सिक्योरिटी समेत अन्य की मदद लेनी पड़ सकती है।
जो बिडेन की टीम भी सक्रिय
रिपब्लिकन (चुनाव चिन्ह- हाथी) राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप की रणनीति पर केंद्रित हैं तो डेमोक्रेट (चुनाव चिन्ह-गधा) उम्मीदवार जो बिडेन के साथ अगली रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि डेमोक्रेट में खुशी का माहौल है। क्योंकि चुनाव में ट्रंप को जहां अभी तक 48.0 फीसदी वोट मिले हैं, वहीं जो बिडेन के खाते में अब तक सबसे अधिक रिकार्ड मतदान आया है। डेमोक्रेट भी टीम ट्रंप की कानूनी काट को लेकर काफी सक्रिय हैं।