फिलाडेल्फिया की एक अदालत ने अपने अहम फैसले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस कोशिश को नाकाम कर दिया जिसके तहत वे चुनाव नतीजों को पलटना चाह रहे थे। पेनसिल्वेनिया राज्य में चुनाव नतीजे प्रामाणिक करने की प्रक्रिया रोकने की ट्रंप की अपील को ठुकराते हुए तीसरी अपीलीय सर्किट कोर्ट के जज ने 21 पेज के फैसले में लिखा, ‘राष्ट्रपति का चुनाव मतदाता करते हैं, वकील नहीं।’
पेनसिल्वेनिया में मतदान के परिणामों के प्रमाणीकरण को रद्द करने की कोशिशों पर राष्ट्रपति की टीम को जज ने यह कहते हुए फटकार लगाई कि किसी भी चुनाव को अनुचित नहीं कहा जा सकता है। न्यायाधीश स्टेफानोस बिबास ने सर्वसम्मत फैसले में लिखा कि निष्पक्ष चुनाव हमारे लोकतंत्र के प्राण हैं और इस प्रक्रिया को रोका नहीं जा सकता है।
चार दिन पूर्व ही पेनसिल्वेनिया में ट्रंप के प्रतिद्वंद्वी जो बाइडन को विजेता घोषित किया गया था जिसके खिलाफ वे अदालत गए थे। फैसला सुनाने वाले जज की नियुक्ति ट्रंप ने ही की थी। लेकिन जज स्टेफानोस बिबास ने कहा, पक्षपात के आरोप गंभीर हैं, लेकिन चुनाव को पक्षपातपूर्ण कहने भर से नहीं चलेगा, स्पष्ट आरोप और उनके समर्थन में सबूत भी होने चाहिए। यहां इनमें से कुछ भी नहीं है।
नए राष्ट्रपति का दुनिया करेगी सम्मान : हैरिस
अमेरिका की नवनिर्वाचित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि जो बाइडन ऐसे नेता हैं जिनका सम्मान दुनिया करेगी। आम चुनाव जीतने वाले 78 वर्षीय बाइडन की प्रशंसा करते हुए हैरिस ने कहा कि वह सभी अमेरिकियों के राष्ट्रपति होंगे। भारतवंशी कमला हैरिस ने ट्वीट किया, 'हम जानते हैं कि वे ऐसे राष्ट्रपति होंगे जो हममें से बेहतरीन हैं। ऐसे नेता जिनका सम्मान दुनिया करेगी और हमारे बच्चे उनसे प्रेरणा लेंगे।'
साहसी इतिहास लिखने का समय : बाइडन
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने कई ट्वीट करते हुए देश में एकता का आह्वान किया। उन्होंने कहा, 'इस देश में अब तक का एक नया, साहसी और अधिक बेहतर इतिहास लिखने का हमारा समय है, यह समय हम सबका है।' उन्होंने कहा, 'कोरोना की रफ्तार रोकने की हर किसी की जिम्मेदारी है, हम अपनी दोगुनी कोशिशों से इसे रोकने के लिए एकजुट हैं।'