किताब को डॉ. कैसी ने अपने भाई कैली मीन्स के साथ मिलकर लिखा था। कैली मीन्स भी ट्रंप प्रशासन में स्वास्थ्य सलाहकार हैं। दोनों ने उस फार्मास्यूटिकल कंपनी में निवेश भी किया हुआ है, जो साइकेडेलिक ड्रग से जुड़ी दवाएं बनाती है।
ट्रंप प्रशासन की नई सर्जन जनरल कैसी मीन्स का हैरान करने वाला बयान सामने आया है। दरअसल उन्होंने साइकेडेलिक ड्रग्स की वकालत की है और कहा है कि मशरूम के इस्तेमाल से उन्हें प्यार पाने में मदद मिली। गौरतलब है कि डॉ. कैसी मीन्स ने साइकेडेलिक ड्रग्स को लेने की सलाह तब दी है, जब अमेरिका में इस ड्रग का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। अमेरिका में इसे शेड्यूल 1 की ड्रग माना जाता है और इसके मेडिकल इस्तेमाल की इजाजत नहीं है। हालांकि ओरेगन और कोलोराडो में साइकेडेलिक थेरेपी वैध है। हालांकि ओरेगन राज्य के कई शहरों ने भी इस ड्रग को प्रतिबंधित किया हुआ है।
विज्ञापन
प्रतिबंधित ड्रग लेने की सलाह दे रहीं सर्जन जनरल
डॉ. कैसी ने साल 2024 में लिखी अपनी किताब 'गुड एनर्जी' में साइकेडेलिक ड्रग्स का समर्थन किया। यह किताब मेटाबॉलिक स्वास्थ्य पर आधारित है। इस किताब में कैसी ने लिखा कि साइकेडेलिक ड्रग की मदद से उन्हें तनाव को कम करने, ट्रामा को खत्म करने और अपनी सोच को सकारात्मक करने में मदद मिली। इस किताब को डॉ. कैसी ने अपने भाई कैली मीन्स के साथ मिलकर लिखा था। कैली मीन्स भी ट्रंप प्रशासन में स्वास्थ्य सलाहकार हैं। दोनों ने उस फार्मास्यूटिकल कंपनी में निवेश भी किया हुआ है, जो साइकेडेलिक ड्रग से जुड़ी दवाएं बनाती है। साइकेडेलिक ड्रग एक मशरूम में भी पाई जाती है। डॉ. कैसी ने बताया कि मशरूम की वजह से ही उन्हें 35 साल की उम्र में प्यार मिला।
विशेषज्ञ बोले- खतरनाक हो सकता है साइकेडेलिक ड्रग का इस्तेमाल
वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि साइकेडेलिक ड्रग का इस्तेमाल खतरनाक हो सकता है और इससे कई तरह की शारीरिक और मानसिक समस्याएं हो सकती हैं। अमेरिका में सर्जन जनरल का काम लोगों को ये बताना है कि वे कैसे अपने स्वास्थ्य को बेहतर करें और बीमारियों से दूर रहें। पूर्व के कई सर्जन जनरल ने इस पद का इस्तेमाल लोगों को जागरूक करने में किया, तो कई का कार्यकाल चर्चा में ही नहीं आ पाया।