जॉन ओसॉफ के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल 30 अगस्त को मुंबई पहुंचेगा और 6 सितंबर को नई दिल्ली से प्रस्थान करेगा। जॉन ओसॉफ यात्रा के दौरान अमेरिका और भारत के बीच आर्थिक, वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत की आठ दिनों की यात्रा पर आ रहा है। ये प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी सीनेटर जॉन ओसॉफ के नेतृत्व में 30 अगस्त को भारत पहुंचेगा। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल द्विपक्षीय आर्थिक, वैज्ञानिक और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने और इसके तरीकों पर चर्चा परिचर्चा करेगा। उनके कार्यालय ने इस यात्रा को लेकर एक बयान जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि जॉन ओसॉफ यात्रा के दौरान अमेरिका और भारत के बीच आर्थिक, वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
विज्ञापन
बयान के मुताबिक, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल 30 अगस्त को मुंबई पहुंचेगा और 6 सितंबर को नई दिल्ली से प्रस्थान करेगा। सीनेटर ओसॉफ ने इस यात्रा को लेकर बताया कि मैं दोनों देशों के बीच दोस्ती को मजबूत करने और भारतीय नेताओं की अगली पीढ़ी से मिलने के लिए इस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहा हूं। अमेरिकी सीनेटर जॉन ओसॉफ अमेरिकी राज्य जॉर्जिया के तीन दशकों में चुने गए सबसे कम उम्र के अमेरिकी सीनेटर हैं। उनकी उम्र 35 साल है।
उन्होंने कहा कि हम जॉर्जिया में भारतीय अमेरिकी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने के लिए भी काम करेंगे। जहां बढ़ते भारतीय प्रवासी हमारे समुदाय के एक संपन्न हिस्सा हैं। गौरतलब है कि जॉर्जिया, संयुक्त राज्य अमेरिका का एक राज्य है। अमेरिकी सीनेट में जार्जिया का प्रतिनिधित्व जॉन ओसॉफ करते हैं। जार्जिया में एक लाख से अधिक भारतीय अमेरिकी रहते हैं।
विज्ञापन
इससे पहले सीनेटर ओसॉफ ने भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर भारतीय लोगों को शुभकामना संदेश दिया था। इस संदेश में उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को गहरा करने के महत्व पर प्रकाश डाला था।