हांगकांग के चुनाव प्रणाली में बदलाव की अमेरिका ने कड़ी निंदा की है। साथ ही अमेरिका ने चीन पर हांगकांग के लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया है। दरअसल, चीन की संसद में गुरुवार को हांगकांग की चुनाव प्रणाली में बदलाव के लिए वोटिंग की गई। यह वोटिंग चुनावी प्रणाली को बदलने के लिए लाए गए एक नए कानून को लेकर हुई। इसी वोटिंग के बाद अमेरिका की ओर से यह प्रतिक्रया आई है।
बता दें कि चीनी सरकार के एक शीर्ष राजदूत वांग यी ने रविवार को कहा था कि हांगकांग में स्थिरता के लिए चुनाव सुधार की बेहद जरूरत है। उन्होंने कहा कि सुधार हांगकांग के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है। चीन का नाटकीय तरीके से अपने समर्थकों को प्रशासन में शामिल करने का प्रयास चल रहा है।
चुनावी सुधार का शिगूफा उसी की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। संसदीय सत्र के दौरान वांग ने कहा कि औपनिवेशिक काल में भी हांग कांग में लोकतंत्र नहीं था। चीन को भरोसा है कि चुनावी सुधार से इसकी बेहतरी होगी।