कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के दुनियां के कई देशों में फैलने के बाद से लोग डरे हुए हैं। अफ्रीकी देश बोत्सवाना में पहली बार पाया गया यह वायरस अब तेजी से पांव पसारने लगा है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इसे पहचानना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, इस बीच एक अमेरिकी कंपनी ने दावा किया है कि उसके पास जो उपलब्ध टेस्ट किट है वह ओमिक्रॉन वैरिएंट का सटीक पता लगाती है।
थर्मो फिशर साइंटिफिक इंक ने सोमवार को एक बयान में कहा कि हमारी कंपनी की टेस्ट किट ओमिक्रॉन वैरिएंट का सटीक पता लगाती है। कंपनी ने कहा कि यह एकमात्र कोविड -19 परीक्षण किट है जो अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा अधिकृत है और ओमिक्रॉन वेरिएंट का पता लगा सकते हैं। कंपनी ने आगे कहा कि थर्मो फिशर की टैक्पाथ कोविड-19 जांच उस स्थिति में भी सटीक परिणाम दे सकती है, जब जीन लक्ष्य में से कोई एक उत्परिवर्तन से प्रभावित होता है।
और भी उत्पादन बढ़ाएंगे: थर्मो फिशर साइंटिफिक इंक
कंपनी ने कहा कि हम अफ्रीका और अन्य देशों से मांग को पूरा करने के लिए किट के उत्पादन को बढ़ाने के लिए तैयार है क्योंकि यह नए वैरिएंट का सटीक पता लगाती है।
वैज्ञानिक 'हैरान'
दक्षिण अफ़्रीका के अलावा कोरोना का ये नया वैरिएंट अब दुनिया के 13 देशों में पाया जा चुका है। इनमें बेल्जियम, बोत्सवाना, हांगकांग, कनाडा, इस्राइल, जर्मनी, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका में सेंटर फॉर एपिडेमिक रेस्पॉन्स एंड इनोवेशन के निदेशक प्रोफेसर टुलियो डी ओलिवेरा ने बताया है कि इस वैरिएंट ने हमें हैरान कर दिया है, सामान्यतः वायरस में जिस तरह के बदलाव होते हैं और जिनकी हमें उम्मीद होती है, उनकी तुलना में ये बहुत तेजी से बदल रहा है।