President Donald Trump and President Xi Jinping
- फोटो : SCMP
अमेरिका और चीन के बीच पहले चरण की व्यापार समझौते पर गुरुवार को सहमति बन गई। इससे दोनों देशों के बीच पिछले 17 महीनों से चल रही ट्रेड वॉर (व्यापार युद्ध) फिलहाल थम जाएगा। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समझौते पर हस्ताक्षर कर चुके हैं, केवल आधिकारिक होना बाकी है।
समझौते की शर्तों के मुताबिक लगभग 11 लाख करोड़ (160 अरब डॉलर) के चीनी आयातों पर 15 दिसंबर तक लगा प्रस्तावित अमेरिकी टैरिफ (आयात शुल्क) टल जाएगा। जिन उत्पादों पर आयात शुल्क लगाया जाना था, उनमें इलेक्ट्रॉनिक्स और खिलौने भी शामिल थे।
वहीं, चीन से आने वाले सामान पर पहले से लग रहे कुछ टैरिफ में 50% तक कटौती की जाएगी। समझौते के तहत चीन अमेरिकी कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क घटाकर खरीद बढ़ाने को राजी हुआ है।
ट्रंप ने दो महीने पहले ही डील होने के दिए थे संकेत
अमेरिका और चीन के बीच अक्तूबर से इस संबंध में वार्ता चल रही थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तभी संकेत दिए थे कि इस साल के आखिर तक पहले चरण की डील हो सकती है। हालांकि, पिछले दिनों ट्रंप के एक बयान से सनसनी मच गई थी, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि वे समझौते के लिए 2020 के चुनावों तक इंतजार कर सकते हैं।
दूसरी ओर अमेरिका-चीन के बीच समझौते की रिपोर्ट से दुनियाभर के शेयर बाजारों में तेजी आई है। अमेरिकी शेयर बाजार का इंडेक्स डाओ जोंस गुरुवार को 0.79% और नैस्डेक 0.77% बढ़त के साथ बंद हुआ। भारत समेत दूसरे एशियाई बाजारों में भी तेजी देखी जा रही है।