संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने पुलवामा हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर दोनों देशों के अधिकारियों से बात की थी। हालांकि, यूएन महासचिव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पाकिस्तानी समकक्ष इमरान खान से बात नहीं की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है।
गुटारेस के प्रवक्ता स्टीफेन दुजारिक ने बताया, ‘हम हालात से पूरी तरह से वाकिफ हैं। जहां तक मुझे जानकारी है, यूएन महासचिव ने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों से बात नहीं की है, लेकिन उन्होंने दोनों पक्षों से जरूर बात की है। मुझे लगता है कि ऐसा उन्होंने अपनी चिंता जताने और तनाव कम करने के लिए हरसंभव प्रयास की आवश्यकता पर जोर देने के इरादे से किया है।’ दुजारिक से यह पूछा गया था कि क्या गुटारेस ने दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच बढ़ते तनाव को लेकर भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से बात की है?