अमूमन हर चार माह में नए वैरिएंट के साथ उभर रही कोरोना महामारी को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने फिर चेताया है। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 महामारी अभी खत्म होने से कोसों दूर है, क्योंकि एशिया में यह तेजी से फैल रही है। उन्होंने कहा कि रोज 15 लाख नए कोरोना मामले सामने आ रहे हैं।
गुटेरेस ने कहा कि कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वैरिएंट इस बात की याद दिलाता है कि कोविड-19 कितनी तेजी से रूप बदलता है और तेज टीकाकरण अभियान के अभाव में यह कितनी तेजी से फैल सकता है। यूएन प्रमुख ने कहा कि कुछ ज्यादा आय वाले देश दूसरे बूस्टर डोज की तैयारी कर रहे हैं, वहीं विश्व की एक तिहाई आबादी अब भी टीकों से वंचित है। यह हमारी असमान दुनिया का क्रूर सच है। इसी वजह से ज्यादा मौतें हो रही हैं और यह इंसान के आर्थिक दुखों में वृद्धि का बड़ा कारण भी है।
हम इस साल के मध्य तक प्रत्येक देश की 70 फीसदी आबादी के टीकाकरण के अपने लक्ष्य से बहुत दूर हैं। उन्होंने कहा कि औसतन हर चार महीने में नए कोरोना वैरिएंट आ रहे हैं, इसलिए समय की अहमियत है। सरकारों और दवा कंपनियों को न केवल अमीर देशों में, बल्कि हर जगह, हर व्यक्ति तक टीके पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है। कोविड-19 के ओमिक्रॉन वैरिएंट का नया स्ट्रैन XE सबसे पहले ब्रिटेन में 19 जनवरी को मिला था। डब्ल्यूएचओ ने इसे पिछले स्ट्रैन से ज्यादा संक्रामक बताया है। आरंभिक अनुमानों के अनुसार यह ओमिक्रॉन के बीए.2 स्ट्रैन से 10 फीसदी ज्यादा संक्रामक है। एक्सई स्ट्रैन ओमिक्रॉन के पूर्ववर्ती स्ट्रैन BA.1-BA.2 का मिलाजुला रूप है।