डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
- फोटो : Instagram
कश्मीर पर नीति में कोई बदलाव नहीं आया है : अमेरिका
वहीं अमेरिका ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर पर उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है और उसने भारत तथा पाकिस्तान से शांति एवं संयम बरतने का आह्वान किया। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मोर्गन ओर्टागस से संवाददाताओं ने यह पूछा कि क्या अमेरिका की कश्मीर पर नीति में कोई बदलाव आया है।
अमेरिका की नीति यह रही है कि कश्मीर भारत और पाकिस्तान के बीच एक द्विपक्षीय मुद्दा है और दोनों देशों को ही इस मुद्दे पर बातचीत की गति और गुंजाइश को लेकर फैसला करना है। ओर्टागस ने एक और सवाल के जवाब में कहा, ‘अगर नीति में कोई बदलाव हुआ तो निश्चित तौर पर मैं यहां घोषणा करुंगी लेकिन ऐसा नहीं है।’
उन्होंने कहा कि अमेरिका कश्मीर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता का समर्थन करता है।
यूएनएससी अध्यक्ष जोआना
- फोटो : ANI
सुरक्षा परिषद अध्यक्ष का टिप्पणी करने से इनकार
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्ष जोआना रोनेका ने कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने के भारत के फैसले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन बताने संबंधी दावे पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। इस मसले पर पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) को पत्र लिखा था। इससे पहले महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कश्मीर मुद्दे पर तनाव के मद्देनजर सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की थी।
यूएनएससी की अध्यक्ष ने उस पत्र पर टिप्पणी करने से मना कर दिया है जिसमें पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि मलीहा लोधी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा था कि वह इस मुद्दे को अतंरराष्ट्रीय मंच पर लेकर जाएंगे। इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखकर दावा किया था कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना यूएनएससी के संकल्प का उल्लंघन है।
पाक ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को लिखा था पत्र
कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के विरोध में पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को पत्र लिखा है। संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व ने कहा कि वे भारत और पाकिस्तान से विभिन्न स्तर पर संपर्क में है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कश्मीर मुद्दे पर तनाव के मद्देनजर सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफेन दुजार्रिक ने बुधवार को कहा, 'हमें मुद्दे की पूरी जानकारी है और हम चिंता के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं। विभिन्न स्तरों पर संपर्क किए जा रहे हैं। हम सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील कर रहे हैं।'