केट मिडलटन अपने पति प्रिंस विलियम के साथ
- फोटो : पीटीआई
ब्रिटिश राजघराने की बहू और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन की सेहत को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। अब खबर आई है कि केट मिडलटन ने खुद सार्वजनिक तौर पर अपनी सेहत के बारे में जानकारी देने का फैसला किया है। ब्रिटिश मीडिया ने शाही घराने के सूत्रों के हवाले से यह दावा किया है। हालांकि केट कब अपनी सेहत के बारे में किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में जानकारी देंगी, इसका पता नहीं चला है, लेकिन बताया जा रहा है कि इस बारे में केट कोई जल्दबाजी करने के मूड में नहीं हैं।
केट की सेहत को लेकर अफवाहों का दौर
केट मिडलटन की इस साल जनवरी में पेट की सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद केनसिंग्टन पैलेस ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी और बताया कि केट फिलहाल आराम कर रही हैं और वे 31 मार्च के बाद ही सार्वजनिक तौर पर दिख सकेंगी। हालांकि बीते दिनों मदर्स डे के मौके पर केनसिंग्टन पैलेस ने केट की जो तस्वीर जारी की, उसे लेकर विवाद हो गया और उनकी सेहत को लेकर अफवाहें उड़ने लगीं। दरअसल केट की उनके बच्चों के साथ जो तस्वीर जारी की गई थी, उसमें छेड़छाड़ की गई थी, जिसके बाद तस्वीर को सभी प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया था। इसके बाद ही केट की सेहत को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
वहीं हाल ही में केनसिंग्टन पैलेस के कई स्टाफ ने दावा किया था कि उन्होंने कई दिनों से केट को नहीं देखा है। केट मिडलटन सार्वजनिक तौर पर भी लंबे समय से नहीं दिखाई दी हैं। यही वजह है कि केट मिडलटन की सेहत को लेकर तरह-तरह की अफवाहें शुरू हो गईं।