अमेरिका में सोमवार को भारत की दो छात्राओं की एक कार हादसे में मौत हो गई। दोनों ही युवतियां उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए तेलंगाना से अमेरिका गई थीं। हादसा सोमवार को तड़के करीब तीन बजे (भारतीय समयानुसार) कैलीफोर्निया के बिशप शहर में हुआ।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उनके परिवार वालों ने जानकारी देते हुए बताया कि कार हादसे में 24 वर्षीय मेघना रानी और के भावना की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार महबूबबाद जिले के गरला और मुलकानूर गांवों की निवासी थीं।
खबरों के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों युवतियां दोस्तों के एक समूह के साथ यात्रा कर रही थीं। अलाबामा हिल्स के पास एक रास्ते पर गाड़ी चलाते समय उनका वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया, जिसकी वजह से कार सड़क से एक गहरी खाई में जा गिरी।
ये भी पढ़ें: Russia: रूस का दावा- यूक्रेन ने की पुतिन के घर पर हमले की कोशिश, लावरोव बोले- अब वार्ता की समीक्षा करेंगे
स्कूल, बीटेक और अमेरिका में भी साथ की पढ़ाई
मेघना के चचेरे भाई मणि कुमार ने पीटीआई को बताया, 'वे स्कूल में, बीटेक के दौरान और बाद में अमेरिका में मास्टर की पढ़ाई के दौरान सहपाठी थीं।' उन्होंने बताया कि हैदराबाद के एक निजी कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद, दोनों 2022 में अमेरिका गईं और वहां से एमएस की डिग्री पूरी की। उन्होंने आगे कहा कि वे फिलहाल नौकरी की तलाश कर रही थीं।
बीआरएस राज्यसभा सदस्य वद्दीराजू रविचंद्र ने दोनों युवतियों की मृत्यु पर दुख जताया। रविचंद्र ने उनके माता-पिता से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि वह शव को वापस लाने की कोशिशों के लिए संबंधित अधिकारियों से इस मामले को उठाएंगे।
भावना के पिता सरपंच, मेघना के पिता चलाते हैं नागरिक सेवा केंद्र
भावना के पिता कदियाला कोटेश्वर राव मुलकानूर गांव के उप सरपंच हैं, जबकि मेघना के पिता प्रल्लखंडम वेंकट नागेश्वर राव फ्रेंचाइजी के रूप में नागरिक सेवा केंद्र चलाते हैं। युवतियों के परिवारों ने सरकार से सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय स्थापित करने में मदद मांग की है।
ये भी पढ़ें: बूंद-बूंद को तरसेगा पाकिस्तान: चिनाब परियोजना पर बौखलाया पड़ोसी देश, सांसद बोली- पानी को हथियार बना रहा भारत
परिवार की मांग है कि अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाए। कैलिफोर्निया के स्थानीय अधिकारी फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारण की जांच कर रहे हैं।
अन्य वीडियो