अमेरिका में प्रबंधन एवं बजट विभाग के निदेशक पद के लिए नामित भारतीय-अमेरिकी नीरा टंडन के नाम की पुष्टि संबंधी बैठकों को दो अहम सीनेट समितियों ने अचानक स्थगित कर दिया है। इस बीच व्हाइट हाउस ने कहा कि वह टंडन के नाम की पुष्टि कराने की पुरजोर कोशिश कर रहा है।
भारतवंशी के नाम की पुष्टि के लिए व्हाइट हाउस कर रहा पुरजोर कोशिश
पूर्व में अपने पार्टी नेताओं समेत कई अन्य के खिलाफ किए ट्वीट के कारण नीरा टंडन की सीनेट में पुष्टि संकट में घिर गई है। उनके विरुद्ध रिपब्लिकन पार्टी के नेता और कुछ डेमोक्रेटिक सीनेटर मतदान की योजना बना चुके हैं। ऐसे में सीनेट की गृह सुरक्षा व सरकारी मामलों संबंधी समिति तथा बजट समिति ने टंडन के नाम की पुष्टि के लिए होने वाले होने वाले मतदान को अचानक स्थगित कर दिया।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता जेन साकी ने कहा, हम नामांकन पुष्टि की कोशिश कर रहे हैं और टंडन तथा हमारी टीम सीनेटरों व अहम समूहों के निकट संपर्क में है। वह एक विशेषज्ञ हैं और इस अप्रत्याशित संकट में उनकी योग्यता की बहुत आवश्यकता है। यह पूछने पर कि क्या व्हाइट हाउस उनका कोई विकल्प ढूंढ रहा है, उन्होंने कहा, बजट विभाग का नेतृत्व करने के लिए एक उम्मीदवार है और उनका नाम नीरा टंडन है।
डॉ. मूर्ति पर सुनवाई फिलहाल रुकी
भारतवंशी डॉक्टर विवेक मूर्ति को दूसरी बार अमेरिका के सर्जन जनरल पद पर नियुक्ति की सुनवाई फिलहाल सीनेट समिति ने रोकी हुई है। उनके नामांकन की पुष्टि के लिए उन्हें कुछ सवालों के जवाब देने होंगे।
माना जा रहा है कि डा. विवेक मूर्ति की नियुक्ति को मंजूरी देने से पहले सीनेट कोरोना महामारी पर उनकी योजना जानना चाहेगी। साथ ही कोरोना के कारण परिवार के अमेरिका और भारत में रहने वाले सात लोगों की मौत पर भी उन्हें अपना पक्ष रखना होगा।
यह सुनवाई ऐसे समय पर हो रही है जब डा. विवेक मूर्ति के संबंध में यह जानकारी सामने आई है कि उन्होंने महामारी में विशेषज्ञ के रूप में अपने भाषणों से करीब बीस लाख डॉलर की कमाई की है। भारतीय-अमेरिकी डाक्टरों के पूरे समुदाय ने डा. विवेक का समर्थन किया है।