कोरोना वायरस के कहर से त्राहिमाम कर रहे अमेरिका में इंसानों के साथ-साथ पालतू पशुओं के भी संक्रमित होने का मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क में दो पालतू बिल्लियां कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं। यह अमेरिका में पालतू पशुओं के संक्रमित होने का पहला मामला है।
अमेरिका के कृषि विभाग और संघीय रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्रों (सीडीसी) ने बताया कि बिल्लियों को सांस लेने में हल्की परेशानी देखी गई और उनके बीमारी से उबरने की उम्मीद है। वे जिस घर में हैं, उसके लोगों से या पड़ोस से उन्हें संक्रमण होने की आशंका है।
ब्रोंक्स चिड़ियाघर में कुछ बाघों और शेरों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद अब दुनियाभर में पशुओं में वायरस के पुष्ट मामलों की संख्या में मामूली वृद्धि हुई है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक ऐसा लगता है कि कुछ पशुओं को मनुष्यों से संक्रमण हुआ होगा, लेकिन इस बात का कोई संकेत नहीं है कि पशुओं से मनुष्य संक्रमित हो रहे हैं।
सीडीसी अधिकारी केसी बॉर्टन बेहरावेश ने कहा कि हम चाहते हैं कि लोग घबराएं नहीं। लोग पालतू पशुओं से डरे नहीं या उनकी जांच के लिए न उमड़ पड़ें। उन्होंने कहा कि इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि पालतू पशु लोगों में बीमारी फैला रहे हैं।
बेल्जियम में मालिक से बिल्ली हुई थी संक्रमित
बता दें कि इससे पहले बेल्जियम में एक बिल्ली के संक्रमित होने का दुर्लभ मामला सामने आया था। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इंसानों से पशुओं में कोरोना वायरस के फैलने की संभावना बहुत कम है। इंसानों से पशुओं में संक्रमण का जोखिम बहुत ही कम है। दरअसल पहले बिल्ली की मालकिन भी कोरोना वायरस से संक्रमित हुई थी। ऐसा माना जा रहा है कि बिल्ली में ये वायरस उसकी मालकिन के जरिए आया होगा।
एक कुत्ते की संक्रमण से हुई थी मौत
इससे पहले कुत्ते में कोरोना वायरस के लक्षण मिले थे जिसके बाद उसका टेस्ट कराया गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस कुत्ते में वायरस मालकिन से आया था जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। बाद में कुत्ते की मौत हो गई थी।