फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अफगानिस्तान: विमान से गिरने वालों में एक था डॉक्टर तो दूसरा था 17 साल का नौजवान, जिस घर की छत पर गिरे वहां का मंजर

Thu, 19 Aug 2021 09:31 PM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, काबुल

सार

काबुल में तालिबानी शासन से बुरी तरह डरे लोग किसी भी तरह देश छोड़ देना चाहते हैं। यही उम्मीद पाले दो लोग पिछले सोमवार को अमेरिकी वायु सेना के एक विमान के टायर पर चढ़ गए थे। लेकिन, विमान के उड़ते ही दोनों नीचे आ गिरे और उनकी मौत हो गई। अल अरेबिया की एक रिपोर्ट के अनुसार दोनों की शिनाख्त हो गई है। इनमें से एक चिकित्सक है जिसकी हाल ही में शादी हुई थी और दूसरा एक 17 साल का नौजवान है जिसका सपना दुनिया घूमना था।
विज्ञापन
काबुल एयरपोर्ट पर बेकाबू हो गए हालात - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अफगानिस्तान में तख्तापलट के बाद राजधानी काबुल में लोगों के बीच मची अफरा-तफरी का मंजर तो सबने देखा है। बीते दिनों अमेरिकी वायु सेना के एक विमान के टायर के बीच खड़े होकर काबुल से निकलने की कोशिश में दो लोग उड़ते विमान से गिर गए थे। भयावह मौत मरने वाले इन दोनों लोगों की पहचान हो गई है। इनमें से एक डॉक्टर था तो एक 17 साल का नौजवान। 

विज्ञापन


22 वर्षीय फैजल (बदला हुआ नाम) उन कई अफगानियों में से एक था जो एक वीडियो में नजर आ रहे थे और रनवे पर दौड़ते एक विमान के बाहरी हिस्से पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। एक दूसरे वीडियो में दो लोग उड़ते विमान से गिरते नजर आए। अल अरेबिया की रिपोर्ट के अनुसार फैजल के पिता ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद निजी अस्पताल में चिकित्सक बना था।

उसके पिता ने बताया कि उसकी एक साल पहले ही शादी हुई थी और कर्ज के कारण वह विदेश में जाकर काम करने की योजना बना रहा था। पिता को बेटे की मौत की जानकारी फोन पर मिली। फैजल की जेब से एक कागज का टुकड़ा मिला है, जिसमें उसके पिता का फोन नंबर लिखा था। पिता का कहना है कि नौजवान बेटे की मौत की खबर सुनकर अब मैं पूरी तरह टूट गया हूं। 

विज्ञापन

भाई के साथ चुपचाप निकला था दूसरा मृतक

विमान से गिरने वाले दूसके शख्स की पहचान सिराज (17) के रूप में हुई है। सिराज अपने छोटे भाई अनस (16) (बदले हुए नाम)के साथ सोमवार को घर से निकला था। दोनों भाई इस उम्मीद में एयरपोर्ट पहुंचे थे कि तालिबानी शासन से बच कर निकल जाएंगे, लेकिन दोनों में से कोई भी वापस घर नहीं पहुंचा। उसके परिजनों को सिराज का शव तो मिल गया है लेकिन अनस लापता है।

वाइस वर्ल्ड न्यूज के अनुसार सिराज के एक परिजन ने कहा, 'दोनों को खोने के बाद हम बहुत दुख में हैं। हमें एक का शव मिला है लेकिन दूसरे के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।' दोनों ने अफवाह सुनी थी कि 20 हजार लोगों को कनाडा या अमेरिका पहुंचाया जा रहा है। इसी को सुनकर अपनी किस्मत आजमाने दोनों बिना किसी को बताए अपने पहचान पत्र लेकर घर से निकले थे। 
विज्ञापन

जिस घर की छत पर गिरे दोनों वहां का मंजर

दोनों अफगानियों की जिस मकान की छत पर गिरकर मौत हुई वह वली सालेक का है। सालेक काबुल में सोमवार को अपने परिवार के साथ घर में थे, जब उन्होंने छत पर एक जोरदार आवाज सुनी। पेशे से सिक्योरिटी गार्ड सालेक ने बताया कि ऐसा लगा जैसे कोई टायर फटा हो। वह भागते हुए छत पर गए और वहां का भयावह नजारा देखकर उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं।

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार पीछे-पीछे सालेक की पत्नी भी छत पर पहुंची और वहां का दृश्य देखते ही बेहोश हो गईं। एक पड़ोसी जो टीवी देख रहा था, उसने बताया कि एक वीडियो में दो लोग एक उड़ते विमान से गिरते हुए देखे गए हैं। बाकी लोगों की तरह ये लोग भी किसी तरह काबुल से निकलने की फिराक में थे और इसके लिए वह विमान के टायर पर चढ़ गए थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें