केन्या में करीब चार महीनों से लापता दो भारतीयों की हत्या कर दी गई है। इसकी जानकारी केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो के बेहद करीबी डेनिस इटुंबी ने दी है। इस हत्या के पीछे आपराधिक जांच निदेशालय (डीसीआई) की भंग की जा चुकी इकाई एसएसयू का हाथ बताया जा रहा है।
विज्ञापन
दोनों भारतीय राष्ट्रपति के अभियान में कर रहे थे मदद
बताया जा रहा है कि दोनों भारतीय जुल्फिकार अहमद खान और उसके दोस्त मोहम्मद जैद सामी किदवई ने राष्ट्रपति रुटो के चुनाव अभियान की सफलता में बड़ा योगदान दिया था। वे केन्या क्वांजा डिजिटल अभियान टीम का हिस्सा थे। जांच में दोनों भारतीयों के लापता होने के पीछे डीसीआई की इकाई एसएसयू का हाथ होने का पता चला। जिसके बाद राष्ट्रपति ने एसएसयू को भंग करने का आदेश जारी किया था और इसके कुछ दिनों बाद ही दोनों भारतीयों की हत्या की खबर सामने आई है।
जुलाई में दोनों दोस्त हुए थे लापता
जुल्फिकार अहमद खान और उनके दोस्त मोहम्मद जैद सामी किदवई जुलाई के महीने में मोम्बासा रोड से टैक्सी ड्राइवर निकोडेमस मवानिया के साथ लापता हो गए थे। इसके बाद इसकी जांच बिठाई गई तो पता चला कि दोनों के लापता होने के पीछे आपराधिक जांच निदेशालय (डीसीआई) की भंग की जा चुकी इकाई एसएसयू का हाथ है।