अफगानिस्तान के पश्चिमी हेरात प्रांत में अफगान मिलिशिया के दो सदस्यों ने अपने ही साथियों पर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में 12 लोगों की मौत हो गई।
प्रांतीय पुलिस ने शनिवार को बताया कि हमलावर, मारे गए साथी मिलिशिया सदस्यों के हथियार और गोला बारूद लेकर भाग गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी बलों ने इलाके पर दोबारा नियंत्रण हासिल कर लिया है।
तालिबान के प्रवक्ता यूसुफ अहमदी ने ट्वीट कर मिलिशिया के भीतर से ही हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। इस बीच, शनिवार को राजधानी काबुल में पुलिस के बख्तरबंद लैंड क्रूजर वाहन में लगाए गए विस्फोटक में धमाका होने से दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।
काबुल के पुलिस प्रवक्ता फिरदौस फरामर्ज ने यह जानकारी दी। हालांकि, मारे गए पुलिसकर्मियों की पहचान जाहिर नहीं की गई है। इस हमले की तत्काल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
हेलमंद प्रांत के पुलिस प्रवक्ता जमन हमदर्द ने बताया कि एक हमलावर ने पुलिस परिसर को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए।